
मुंगेर में महिला सशक्तिकरण अभियान का शुभारंभ
फोटो:मुंगेर-5, मुंगेर के नंदलालपुर मध्य विद्यालय में महिला सशक्तिकरण अभियान की शुरुआत में शामिल छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अधिकारी
मुंगेर एक संवाददाता। महिला एवं बाल विकास निगम (डब्ल्यूसीडीसी) के निर्देशानुसार जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन (एचईडब्ल्यू) योजना के तहत विशेष अभियान की शुरुआत मंगलवार को की गई। मंगलवार, 2 सितंबर से शुरू हुआ यह अभियान आगामी 12 सितम्बर तक चलेगा, जिसमें महिलाओं और किशोरियों को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के उद्घाटन दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सखी वार्ता, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना का प्रचार-प्रसार, महिला हेल्पलाइन 181 की जानकारी, साइबर क्राइम से सुरक्षा, वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना तथा अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ने और उनका लाभ उठाने के तरीकों पर विस्तृत चर्चा की गई।

इसके साथ ही, कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न, लैंगिक भेदभाव, दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और बाल विवाह रोकने जैसे गंभीर मुद्दों पर भी संवाद हुआ। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास निगम, मुंगेर के जिला परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार सिन्हा, हब फॉर एमपॉवरमेंट ऑफ वीमेन-मिशन शक्ति के जिला मिशन समन्वयक शालीग्राम प्रसाद, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ मनोज कुमार, नंदलालपुर मध्य विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, बाल विकास परियोजना मुंगेर की महिला पर्यवेक्षिका गौरी रानी, स्थानीय आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका-सहायिका, ग्रामीण महिलाएं एवं किशोरी बालिकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। मौके पर जिला परियोजना प्रबंधक ने कहा कि, इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं के लाभ से जोड़ना है। वहीं, जिला मिशन समन्वयक ने बताया कि, ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण स्तर पर भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि सशक्तिकरण का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। इस अवसर पर सभी वक्ताओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा से जुड़ने और समाज में समान भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




