खुलासा: मुंगेर की स्नेहा की पूर्णिया में मौत, प्रेमी ने चुपचाप श्मशान घाट पर जलाया शव
मुंगेर में जीएनएम छात्रा स्नेहा कुमारी के लापता होने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी नीरज ने स्नेहा की हत्या कर उसकी लाश का अंतिम संस्कार बिना किसी को बताये किया। दोनों के बीच अंतर जातीय प्रेम था, जो उनके परिवारों द्वारा अस्वीकृत था। पुलिस अब स्नेहा की मौत की असली वजह जानने की कोशिश कर रही है।

मुंगेर, एक प्रतिनिधि- गौरव मिश्रा। सफियासराय थाना क्षेत्र के आदमपुर से लापता जीएनएम छात्रा स्नेहा कुमारी मामले में रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा हुआ है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हिरासत में लिए गए पूर्णिया के मेडिसीटी न्यूरो हॉस्पिटल के ओटी इंचार्ज नीरज कुमार यादव ने पुलिसिया पूछताछ और साक्ष्यों के घेरे में आने के बाद चौंकाने वाली कहानी बयां की है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, स्नेहा की मौत हो चुकी है और आरोपी ने बिना किसी को सूचना दिए पूर्णिया के श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया है। अंतर्जातीय प्रेम और शादी का विरोध बना काल: जानकारी के अनुसार, स्नेहा और नीरज दोनों अलग-अलग जाति के थे।
दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। नीरज के परिजन इस शादी के खिलाफ थे और दो-तीन महीने में उसकी शादी कहीं और करने वाले थे। इसी बात का पता चलने पर स्नेहा भागलपुर से सीधे पूर्णिया स्थित नीरज के किराए के कमरे पर पहुँच गई थी। बताया जाता है कि स्नेहा वहां तीन दिनों तक रही। इस दौरान नीरज ने मेडिकल स्टोर से किट लाकर स्नेहा का प्रेगनेंसी टेस्ट भी किया था। मामले का सबसे खौफनाक पहलू तब सामने आया जब मुंगेर पुलिस पूर्णिया के श्मशान घाट पहुंची। वहां पूछताछ में डोम राजा ने खुलासा किया कि नीरज अकेले ही एक टोटो से लड़की का शव लेकर आया था। जब डोम राजा ने नीरज से अकेले आने का कारण पूछा, तो नीरज ने झूठ बोला कि यह मेरी पत्नी है और मेरे परिवार में कोई और सदस्य नहीं है, इसलिए अकेले अंतिम संस्कार करने आया हूं। वहीं साक्ष्यों के अनुसार, शव जलाने के लिए लकड़ी विक्रेता को आरोपी प्रेमी नीरज ने 8,500 रुपये का भुगतान भी किया गया था। पुलिस के सामने अब भी कई अनसुलझे सवाल: हालांकि अंतिम संस्कार की बात सामने आ चुकी है, लेकिन पुलिस के सामने अब भी सबसे बड़ा सवाल यह है कि स्नेहा की मौत कैसे हुई। क्या उसकी हत्या की गई या प्रेगनेंसी के डर से उसने आत्महत्या की, या फिर किसी गलत इलाज की वजह से उसकी जान गई, क्योंकि नीरज खुद एक अस्पताल में ओटी इंचार्ज था, इसलिए साजिश की आशंका गहरा गई है। मृतका के भाई प्रेम शर्मा का ने कहा कि नीरज ने मेरी बहन को रास्ते से हटा दिया है। वह अस्पताल में काम करता था, उसने साक्ष्यों को मिटाने के लिए अकेले ही शव को जला दिया। हमें न्याय चाहिए और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। इधर, मुंगेर पुलिस आरोपी नीरज को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि मौत के असली कारणों का पता चल सके। पूर्णिया के उस अस्पताल और मेडिकल स्टोर की भी जांच की जा रही है जहां आरोपी कार्यरत था। मृतका स्नेहा के भाई प्रेम शर्मा और मां किरण देवी ने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नीरज ने न केवल हत्या की, बल्कि हिंदू रीति-रिवाजों का अपमान करते हुए चोरी-छिपे शव को जलाकर परिजनों को आखिरी बार चेहरा देखने का हक भी छीन लिया। बोले एसपी: केस की जांच पूरी कर ली गई है, प्रेमी युवक जेल के सलाखों के पीछे हैं और उस युवक पर स्पीडी ट्रायल करवाकर सजा दिलवाने का काम करेंगे। - सैयद इमरान मसूद, एसपी, मुंगेर बॉक्स: पुलिस टीम ने हटाया स्नेहा के रहस्य से पर्दा : लापता स्नेहा कुमारी के अचानक गायब होने के मामले में सबसे बड़ा रहस्ययोद्घाटन करते हुए केस की अनुसंधानकर्ता सब इंस्पेक्टर शिवरानी कुमारी ने अहम भूमिका निभाया। सफ़ियाबाद थाना में दर्ज़ हुए कांड संख्या 11/26 को अपने हाथ में लेने के बाद से पुलिस लगातार सभी अहम पहलू की बारीकी से जांच कर रही थी। इसी कड़ी में केस की अनुसंधानकर्ता सब इंस्पेक्टर शिवरानी कुमारी ने आरोपी नीरज यादव के मोबाइल के सीडीआर के आधार पर पूर्णिया में जांच पड़ताल किया। जिसके बाद एक एक कड़ी खुलती चली गयी। जांच टीम में सफ़ियाबाद थानाध्याक्ष सहित आइओ शिवरानी कुमारी और डीआईयू टीम ने पूर्णिया के कप्तानपारा शमशान घाट पहुंच कर वहां के डोम राजा से ज़ब पूछताछ किया तब उनके द्वारा मृतका की फोटो और आरोपी नीरज की फोटो को पहचान कर सब खुलासा कर दिया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने विगत 24 फ़रवरी को पूर्णिया के डोम राजा और आरोपी नीरज को मुंगेर न्यायालय में आमने सामने किया। न्यायालय में डोम राजा ने मजिस्ट्रेट के सामने मृतका की फोटो को पहचानते हुए कहा कि आरोपी नीरज ने ही उसके दाह संस्कार के लिए शमशान घाट पर सम्पर्क किया था। इधर, जानकारी के अनुसार पुलिस ने आरोपी को अब तक 5 दिन पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ किया और दो बार आरोपी नीरज को लेकर पूर्णिया गयी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



