बेगूसराय ने नेपाल को एक गोल से किया पराजित
धरहरा में शिव पार्वती कप-2026 महिला फुटबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन हुआ। बेगूसराय ने नेपाल को 1-0 से हराया। खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। नवगांई प्रीमियर लीग में टीएस अकादमी ने दो मैच जीते। टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबलों का आयोजन होगा।

धरहरा, एक संवाददाता। महिला फुटबॉल को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से रविवार को धरहरा के गांधी मैदान में शिव पार्वती कप-2026 अखिल भारतीय महिला फुटबॉल टूर्नामेंट का रंगारंग आगाज हुआ। श्री शंकर स्पोर्टिंग क्लब की ओर से आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि जमालपुर विधायक नचिकेता मंडल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
खेल का पहला मुकाबला
उद्घाटन मुकाबला नेपाल और बेगूसराय की महिला टीमों के बीच खेला गया। मैच के पहले हाफ में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। दूसरे हाफ में बेगूसराय की टीम ने शानदार खेल दिखाया। टीम की जर्सी नंबर-9 खिलाड़ी अंजली कुमारी ने निर्णायक गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। अंत तक नेपाल की टीम बराबरी का गोल करने के लिए संघर्ष करती रही, लेकिन बेगूसराय की मजबूत रक्षा पंक्ति के सामने उसकी एक नहीं चली। निर्धारित समय समाप्त होने पर बेगूसराय ने नेपाल को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट में जीत दर्ज की। मैच का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी गांधी मैदान पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजकों ने बताया कि सोमवार को पटना और मुंगेर की टीमों के बीच मुकाबला खेला जाएगा। टूर्नामेंट के सभी मैच 14 जून तक प्रतिदिन शाम चार बजे से आयोजित होंगे। प्रतियोगिता के आयोजन में आयोजन समिति के अध्यक्ष अनिल सिंह, सचिव नीरज सिंह, रोहित कुमार उर्फ राजा, डॉ. विक्रांत कुमार सिंह, संजीव सिंह, बंकिम सिंह, रेफरी संतोष सिंह, मनीष कुमार एवं कपिलदेव मंडल की सक्रिय भूमिका रही।
------------------
नवगांई प्रीमियर लीग के पहले दिन टीएस अकादमी ने जीते दो मैच
नवगांई प्रीमियर लीग का शुभारंभ
संग्रामपुर, एक संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र की मां पीड़ाहारी क्रिकेट स्टेडियम में ठाकुर साहब अकादमी की ओर से आयोजित नवगांई प्रीमियर लीग (एनपीएल) का रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट के पहले दिन खेले गए तीन रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। टीएस अकादमी ने लगातार दो जीत दर्ज कर अंक तालिका में मजबूत बढ़त बना ली।
टीएस अकादमी की जीत
पहले मैच में टीएस अकादमी ने विक्ट्री वॉरियर्स को 7 विकेट से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की। इसके बाद स्पोर्ट्स अड्डा की टीम ने विक्ट्री वॉरियर्स को पराजित कर जीत हासिल की। तीसरा मुकाबला टीएस अकादमी और स्पोर्ट्स अड्डा के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए स्पोर्ट्स अड्डा ने निर्धारित 8 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 114 रन बनाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीएस अकादमी की टीम जीत दर्ज की।
आयोजन की विशेषताएँ
आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट का आयोजन ऑक्शन प्रणाली के आधार पर किया गया है। शुक्रवार को आयोजित नीलामी प्रक्रिया में छह टीम मालिकों ने खिलाड़ियों को अपनी-अपनी टीमों में शामिल किया था। इस नई व्यवस्था के कारण खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में टूर्नामेंट को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों ने सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों, टीम मालिकों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी मुकाबलों में भी दर्शकों को रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट देखने को मिलेगा।


