
असरगंज में पीडीएस आपूर्ति ठप, डीलरों ने उपमुख्यमंत्री से लगाई गुहार
तारापुर के असरगंज प्रखंड में जन वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न आपूर्ति ठप हो गई है, जिससे हजारों गरीब लाभुक प्रभावित हैं। पीडीएस डीलरों ने बिहार के उपमुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है। डीलरों का आरोप है कि अनाज की आपूर्ति में लापरवाही के कारण भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है।
तारापुर, निज संवाददाता। असरगंज प्रखंड में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत खाद्यान्न आपूर्ति ठप होने से हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। समय पर राशन नहीं मिलने से हजारों गरीब लाभुक प्रभावित हैं, वहीं पीडीएस विक्रेताओं को भी जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर प्रखंड के दर्जनों पीडीएस डीलरों ने शनिवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री सह गृहमंत्री सम्राट चौधरी को हस्ताक्षर युक्त आवेदन लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। डीलरों के अनुसार दिसंबर 2025 का खाद्यान्न आवंटन तो हुआ, लेकिन अब तक केवल लगभग 70 प्रतिशत लाभुकों को ही राशन मिल सका है।
शेष 30 प्रतिशत लाभुकों को नियम के अनुसार जनवरी 2026 के स्टॉक से अनाज दिया जाना था। हालांकि जनवरी का आवंटन हो चुका है और एसआईओ भी निर्गत हो गया है, इसके बावजूद डीएसडी (डोर स्टेप डिलीवरी) के माध्यम से अब तक अनाज की आपूर्ति नहीं की गई है। डीलरों का आरोप है कि डीएसडी के अधिकारी अनाज भेजने से साफ इंकार कर रहे हैं। इससे पहले अक्टूबर 2025 में भी आपूर्ति बाधित रही थी, जिसके कारण कई गरीब परिवार राशन से वंचित रह गए थे। लगातार हो रही इस लापरवाही से क्षेत्र में भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका जताई जा रही है। आवेदन में डीलरों ने स्थायी समाधान के लिए सुझाव दिया है कि अगले माह का खाद्यान्न अग्रिम रूप से उपलब्ध कराया जाए तथा दो-तीन माह तक अतिरिक्त आवंटन देकर बैकलॉग पूरा किया जाए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




