एनएच 80 पर दो अलग अलग सड़क दुर्घटना, 10 लोग घायल
लखीसराय-मुंगेर मुख्य पथ एनएच 80 पर बुधवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 10 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को पकड़कर पुलिस को सूचना दी।

मुंगेर, निज संवाददाता । लखीसराय-मुंगेर मुख्य पथ एनएच 80 पर बुधवार को हुई दो अलग अलग सड़क दुर्घटना में 10 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल 02 लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। सूचना मिलने पर ट्रैफिक डीएसपी प्रभात रंजन सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों व परिजनों से घटना की जानकारी ली। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों वाहनों को पकड़ कर हेमजापुर थाना के सुपुर्द किया है। जानकारी के अनुसार सुंदरपुर और बाहाचौकी के बीच दुर्गापुर के समीप एक तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी रौलर से जा टकराई।
इस दुर्घटना में लखीसराय जिलान्तर्गत विद्यापीठ इंगलिश निवासी मो.तस्लीम, उसका भाई मो.जफीर और मो.गुड्डू घायल हो गया। वहीं दूसरी घटना हेमजापुर थानान्तर्गत सुंदरपुर चांदटोला के समीप हुई। जहां एक तेज रफ्तार वैगनआर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चाय पी रहे लोगों को धक्का मार दिया। इस दुर्घटना में सड़क किनारे चाय पी रहे सुंदरपुर चांदटोला निवासी 50 वर्षीय सुरेश महतो, झड़ी रजक, महेश मांझी, भगत महतो के अलावा कोचिंग जा रही अंजली कुमारी, संध्या कुमारी सहित एक अन्य बच्ची घायल हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वैगन आर वाहन को दौड़ कर पकड़ लिया और थाना को सूचना दी। सूचना पर पहुंची हेमजापुर थाना की पुलिस वाहन को जब्त कर ले गई और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लखीसराय निवासी मो.तस्लीम और सुंदरपुर निवासी झाड़ी रजक को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


