नगर निकाय योजनाओं की जिलाधिकारी ने की समीक्षा

नगर निकाय योजनाओं की जिलाधिकारी ने की समीक्षा

संक्षेप:

मुंगेर जिले में मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना की समीक्षा के लिए एक बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी निखिल धनराज ने नगर निगम और अन्य नगर निकायों की प्रगति की समीक्षा की। नल-जल कनेक्शन, सड़क निर्माण...

Aug 06, 2025 03:04 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुंगेर
share

मुंगेर, एक संवाददाता। जिले के सभी नगर निकायों में संचालित योजनाओं और मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना की समीक्षा को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी (डीएम)निखिल धनराज की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में नगर निगम मुंगेर सहित संग्रामपुर, असरगंज और तारापुर नगर निकायों की प्रगति की समीक्षा की गई। निर्धारित रिपोर्ट नहीं देने पर तीनों नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों से जवाब-तलब किया गया। डीएम ने शहर के 45 वार्डों में शत-प्रतिशत नल-जल कनेक्शन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि, आमजन लगातार पेयजल संकट की शिकायत करते हैं, जबकि योजनाएं वर्षों से क्रियान्वयन में हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

उन्होंने बुडको अधिकारियों को जल्द- से- जल्द लीकेज दूर कर पेयजलापूर्ति नियमित करने के लिए कहा और जलमीनारों की मरम्मत नहीं होने की स्थिति में एजेंसी का भुगतान रोकने का निर्देश दिया। वहीं, सड़कों की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने कहा कि, जिन सड़कों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनका कार्य दुर्गा पूजा से पूर्व पूरा कर लें। वहीं, जिन सड़कों की निविदा बाकी है, उसे अविलंब प्रक्रिया में लाया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण की बाधाओं को दूर करने के लिए संबंधित अंचलाधिकारी से रिपोर्ट मंगवाने को कहा गया। जबकि, शहर में जलजमाव की समस्या के समाधान को लेकर नियंत्रण कक्ष द्वारा प्राप्त शिकायतों का एक घंटे के भीतर निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश बैठक में शामिल नगर आयुक्त शिवाक्षि दीक्षित एवं अनिल तकनीकी अधिकारियों को दिया गया। डीएम ने नगर आयुक्त को शिकायत निवारण पंजी की नियमित निगरानी के अलावा, साफ-सफाई, टैक्स कलेक्शन और विद्युत शवदाह गृह को पुनः चालू करने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। इसके साथ ही, जमालपुर और खड़गपुर नगर निकायों की योजनाओं की भी डीएम ने समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।