जमालपुर में मालगाड़ी के नीचे से पार्सल ढोने को मजबूर कर्मचारी, वायरल वीडियो से मचा रेल प्रशासन में हड़कंप

Newswrap हिन्दुस्तान, मुंगेर
share

रेल मंत्रालय और रेलवे प्रशासन यात्रियों को सुरक्षा का पाठ पढ़ा रहे हैं, लेकिन जमालपुर स्टेशन पर नियमों की धज्जियाँ उड़ाई जा रही हैं। कर्मचारी मालगाड़ियों के नीचे से पार्सल सामग्री ढोने को मजबूर हैं। वायरल वीडियो के बाद रेलवे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।

जमालपुर में मालगाड़ी के नीचे से पार्सल ढोने को मजबूर कर्मचारी, वायरल वीडियो से मचा रेल प्रशासन में हड़कंप

जमालपुर, निज प्रतिनिधि। रेल मंत्रालय एवं रेलवे प्रशासन जहां यात्रियों और कर्मचारियों को लगातार सुरक्षा का पाठ पढ़ा रहा है, वहीं मॉडल स्टेशन जमालपुर में उन्हीं नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ती नजर आ रही हैं। करोड़ों रुपये खर्च कर स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि यात्री और रेलकर्मी सुरक्षित तरीके से एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक आ-जा सकें। इसके बावजूद स्टेशन परिसर में रेलवे कर्मचारी ही अपनी जान जोखिम में डालकर मालगाड़ियों के नीचे से पार्सल सामग्री ढोने को मजबूर हैं.

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो

दरअसल, बुधवार को जमालपुर जंक्शन से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पार्सल विभाग के कर्मचारी प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन से पार्सल सामग्री को मालगाड़ी के नीचे से खींचकर प्लेटफॉर्म संख्या एक तक पहुंचा रहे हैं। इस दौरान प्लेटफॉर्म संख्या एक और दो के बीच अतिरिक्त रेल लाइन पर मालगाड़ी खड़ी है, जिसके कारण हैंड ट्रॉली के आवागमन का रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया है। मजबूरी में कर्मचारी मालगाड़ी के नीचे से पार्सल निकालते और उसे प्लेटफॉर्म तक पहुंचाते नजर आ रहे हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस दौरान आसपास यात्री, पार्सल कर्मचारी और स्टेशन प्रशासन के लोग भी मौजूद दिखाई दे रहे हैं, लेकिन किसी ने भी इस खतरनाक कार्य को रोकने की कोशिश नहीं की। इधर, वायरल वीडियो सामने आने के बाद जमालपुर से लेकर मालदा रेल मंडल तक हड़कंप मच गया है। मामले को लेकर रेल प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। इस मामले में जमालपुर स्टेशन अधीक्षक दीपक कुमार ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है और मामले की जांच कराई जाएगी। वहीं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के मंडल सुरक्षा आयुक्त एके. कुल्लू ने बताया कि संबंधित पोस्ट इंचार्ज को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.

पार्सल कर्मचारियों ने आरआरआई की मनमानी पर लगाया आरोप

जमालपुर पार्सल कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से बनी हुई है। कर्मचारियों के अनुसार प्लेटफॉर्म संख्या एक और दो के बीच अतिरिक्त रेल लाइन पर अक्सर मालगाड़ियां खड़ी कर दी जाती हैं, जिससे पार्सल विभाग का रास्ता बाधित हो जाता है। ऐसे में समय पर पार्सल उतारने और पहुंचाने के दबाव में उन्हें जान जोखिम में डालकर काम करना पड़ता है। कर्मचारियों ने इस गंभीर स्थिति के लिए रेलवे के रूट रिले इंटरलॉकिंग (आरआरआई) कार्यालय की कार्यप्रणाली एवं लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है.

क्या कहते हैं पीआरओ

जमालपुर स्टेशन पर पार्सल सामाग्री पटरी और मालगाड़ी के नीचे से ढोने की जानकारी मिली है। इसकी जांच का आदेश स्टेशन अधीक्षक को दिया गया है। लिफ्ट सिर्फ यात्रियों के लिए है, ना की पार्सल के लिए बनी है। लेकिन पार्सल सामानों को प्लेटफार्म से कार्यालय तक ले जाने के लिए एक अलग से रैंप बना हुआ है। वायरल विडियो में अगर दर्शाया गया स्टॉप होंगे तो आवाश्यक कार्रवाई की जाएगी.

रसराज माझी, पीआरओ मालदा

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

जमालपुर स्टेशन पर पार्सल सामग्री ढोने में किस प्रकार की समस्या आ रही है?
पार्सल विभाग के कर्मचारी प्लेटफॉर्म संख्या एक और दो के बीच अतिरिक्त रेल लाइन पर खड़ी मालगाड़ियों के कारण पार्सल सामग्री को मालगाड़ी के नीचे से खींचकर प्लेटफॉर्म तक पहुंचाने को मजबूर हैं।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।