ट्रेनों में चोरी करने वाली गिरफ्तार चार महिलाओं का पता और आधार फर्जी

Mar 15, 2026 02:07 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुंगेर
share

जमालपुर में रेलवे पुलिस ने ट्रेनों और स्टेशनों पर यात्रियों के सामान की चोरी करने वाले एक बड़े महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक गिरोह की सरगना है। इन महिलाओं के नाम और पहचान फर्जी पाई गई हैं, और इनसे अन्य चोरी की घटनाओं में संलिप्तता के बारे में पूछताछ की जाएगी।

ट्रेनों में चोरी करने वाली गिरफ्तार चार महिलाओं का पता और आधार फर्जी

जमालपुर, निज प्रतिनिधि। ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के सामान की चोरी, छिनतई और लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक बड़े महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश रेल पुलिस ने किया है। शुक्रवार की देर शाम आरपीएफ, सीआईबी (क्रिमिनल इंटेलिजेंस ब्रांच) और रेल जीआरपी जमालपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चार महिलाओं को गिरफ्तार किया। इनमें एक गिरोह की सरगना भी शामिल है। शनिवार को रेल जिला जमालपुर के डिप्टी एसआरपी उमेश्वर चौधरी ने प्रेस वार्ता कर बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार महिलाओं द्वारा दिया गया नाम, पता और आधार कार्ड पूरी तरह फर्जी पाया गया है।

पुलिस को आशंका है कि ये महिलाएं फर्जी पहचान बनाकर देश के विभिन्न राज्यों में चोरी और छिनतई की घटनाओं को अंजाम दे रही थीं। उन्होंने कहा कि इस बात की भी जांच की जा रही है कि कहीं इनका संबंध बंगलादेशी गिरोह से तो नहीं है। फिलहाल चारों महिलाओं को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, लेकिन जल्द ही कोर्ट से रिमांड लेकर उनसे और पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा कि रेल डीएसपी उमेश्वर चौधरी ने बताया कि रेल जिला जमालपुर में हुई करीब 50 चोरी और छिनतई की घटनाओं में इन महिलाओं की संलिप्तता की आशंका है। इसलिए पीड़ितों के माध्यम से इनकी टीआई (टेस्ट आइडेंटिफिकेशन) परेड कराई जाएगी।पुलिस ने बताया कि ट्रेनों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया। इसके आधार पर सफियाबाद दुर्गा स्थान के पास घेराबंदी कर चारों महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई रेल जिला जमालपुर के एसआरपी विद्या सागर और आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त हीरा सिंह के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने की।डिप्टी एसआरपी ने बताया कि गिरफ्तार महिला दुर्गा कुमारी पहले भी वर्ष 2021 में झारखंड के रेल थाना झाझा में दर्ज कांड संख्या 84/21 में जेल जा चुकी है। उस पर आगरा निवासी अब्दुल हामिद के पुत्र मो. मुस्लिम के आठ भर चांदी सहित अन्य सामानों की चोरी करने का आरोप था। हालांकि उसका बताया गया पता भी संदिग्ध पाया गया है और इसकी जांच की जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।