
पांच दिवसीय पोलियो अभियान आरंभ, घर-घर बच्चों को पिलाई जाएगी दवा
मुंगेर में 16 से 20 दिसम्बर तक चलने वाले पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। सिविल सर्जन ने बताया कि पड़ोसी देशों में पोलियो खत्म नहीं हुआ है, इसलिए हमारे देश में पोलियो का खतरा बना हुआ है। जिले में 1.80 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक देने का लक्ष्य है, जिसके लिए 670 टीमें बनाई गई हैं।
मुंगेर, निज संवाददाता। पोलियो उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 16 से 20 दिसम्बर तक चलाए जाने वाले पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ मंगलवार को मॉडल अस्पताल स्थित प्रसव कक्ष के समीप सिविल सर्जन द्वारा किया गया। सिविल सर्जन डा. राम प्रवेश प्रसाद, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डा. फैजउद्दीन, डीपीएम फैजान आलम अशरफी ने बच्चे को पोलियो की 2 बूंद दवा पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सिविल सर्जन ने कहा कि पड़ोसी देश अफगानिस्तान व पाकिस्तान में पोलियो अभी खत्म नहीं हुआ है, ऐसे में हमारे देश में पोलियो का खतरा बना हुआ है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय समय पर अभियान चलाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाती है, ताकि हमारा देश पूरी तरह से पोलियो मुक्त बना रहे।
ऐसे में जरूरी है कि पोलियो टीकाकरण अभियान में लगे सभी कर्मी घर-घर जाकर सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित करें। एक भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित नहीं रहे, इसका विशेष ख्याल रखें। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डा.फैजउद्दीन ने बताया कि जिले में 1.80 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 670 टीम बनाई गई है। 571 टीम में शामिल पोलियो कर्मी डोर-टू-डोर जाकर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगे। जबकि 65 ट्रांजिट टीम ईट भट्ठा, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशनों पर घूम कर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगे। कोई भी बच्चा पोलियो के खुराक से वंचित नहीं रहे, इसके लिए लगातार स्वास्थ्य विभाग की सहयोगी संस्था अभियान की मानिटरिंग करेगी। मौके पर यूनिसेफ के अमित कुमार, यूएनडीपी के सुधाकर कुमार सहित अन्य मौजूद थे। ----------------------------------------------------------------

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




