तकनीकी साक्ष्यों से खुला लापता युवती का मामला

Feb 10, 2026 12:40 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुंगेर
share

मुंगेर में 25 वर्षीय युवती के लापता होने के मामले में पुलिस को तकनीकी साक्ष्य मिले हैं। इसी आधार पर पूर्णिया से नीरज कुमार यादव को हिरासत में लिया गया है, लेकिन युवती की बरामदगी नहीं हो सकी है। परिजनों का कहना है कि युवती 17 जनवरी को प्रशिक्षण के लिए निकली थी और उसके बाद से उसका मोबाइल बंद है।

तकनीकी साक्ष्यों से खुला लापता युवती का मामला

मुंगेर, एक प्रतिनिधि। मुंगेर के सफियासराय थाना क्षेत्र से 25 वर्षीय युवती के लापता होने के मामले में पुलिस को अहम तकनीकी साक्ष्य हाथ लगे हैं। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पूर्णिया जिले से एक युवक को हिरासत में लिया है, हालांकि युवती की बरामदगी अब तक नहीं हो सकी है। इस मामले में युवती के परिजन ने बीते 21 जनवरी को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार स्नेहा 17 जनवरी को प्रशिक्षण के लिए घर से भागलपुर घर से निकली थी। 18 जनवरी को आखिरी बार उसकी अपनी मां से बातचीत हुई, जिसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि युवती का संबंध पूर्णिया जिले के बरहरा कोठी थाना क्षेत्र निवासी नीरज कुमार यादव से था। पुलिस द्वारा मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच में सामने आया कि, 17 जनवरी से दोनों के बीच 198 बार बातचीत हुई थी, वहीं 17 से 20 जनवरी तक दोनों की लोकेशन एक ही स्थान की पाया गया। इन्हीं तथ्यों के आधार पर शनिवार की रात पूर्णिया में छापेमारी कर नीरज को हिरासत में लिया गया। हालांकि, पूछताछ में वह युवती के ठिकाने को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका है। एसडीपीओ सदर अभिषेक आनंद ने बताया कि, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर युवक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही लापता युवती की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। इधर, लापता युवती के भाई ने बताया कि पुलिस के साथ पूर्णिया गया था। लड़का नीरज कुमार मोबाइल लोकेशन के आधार पर बरामद हुआ। उसने अपने मोबाइल का सिम को चेंज कर दिया था। नीरज से जब पूछताछ की गई तो उसने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। लेकिन, जब बहन की सहेलियों से बातचीत की गई, तो सहेलियों ने बताया था कि, नीरज ने उसकी बहन का मोबाइल हैक किया था। नीरज या तो उससे शादी कर चुका है या उसे मार कर फेंक दिया है या फिर उसे बेच दिया है। भाई ने रोते हुए बताया कि पूर्णिया में इस तरह की घटनाएं आम बात है। जिस हॉस्पिटल में नीरज काम करता था। उस अस्पताल का रिकॉर्ड भी काफी खराब है। हमने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और मुंगेर के एसपी से अपनी बहन की बरामदगी को लेकर न्याय की गुहार लगायी है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।