जमालपुर स्टेशन पर दिनभर बंद रहा एस्केलेटर, यात्रियों को भारी परेशानी

Apr 07, 2026 01:24 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुंगेर
share

जमालपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को एस्केलेटर बंद होने से कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सुबह से शाम तक एस्केलेटर बंद रहने से बुजुर्गों और महिलाओं को प्लेटफार्म तक पहुँचने में दिक्कत हुई। यात्री मेंटेनेंस कार्य रात में करने का सुझाव दे रहे हैं ताकि दिन के समय सुविधाएँ बाधित न हों।

जमालपुर स्टेशन पर दिनभर बंद रहा एस्केलेटर, यात्रियों को भारी परेशानी

जमालपुर, निज प्रतिनिधि। मॉडल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाएं इन दिनों लगातार प्रभावित हो रही हैं। सोमवार को सुबह से लेकर शाम तक स्टेशन का एकमात्र एस्केलेटर बंद रहने से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के लिए यात्रियों को मजबूरन रैंप और वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा। सुबह के समय जब यात्रियों की संख्या सबसे अधिक होती है, उसी दौरान एस्केलेटर के बंद रहने से परेशानी और बढ़ गई। वाहन स्टैंड से प्लेटफॉर्म संख्या एक, दो, तीन और चार तक जाने वाले यात्रियों को लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ी।

कई यात्रियों ने प्लेटफॉर्म संख्या एक के पोर्टिको से प्रवेश कर लिफ्ट का सहारा लिया, लेकिन वहां भी भीड़ के कारण इंतजार करना पड़ा। यात्री रीणा देवी ने बताया कि अगर मेंटेनेंस का कार्य रात में किया जाए तो दिन के समय यात्रियों को राहत मिल सकती है।उन्होंने कहा कि सुबह से शाम तक स्टेशन पर अत्यधिक भीड़ रहती है, ऐसे में सुविधाओं का बंद रहना यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनता है। वहीं बुजुर्ग यात्री राधे श्याम और कुंदन प्रसाद ने नाराजगी जताते हुए कहा कि मेंटेनेंस के नाम पर यात्रियों की सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है। किसी भी कार्य से पहले वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। गौरतलब है कि हाल ही में स्टेशन पर करीब छह घंटे तक बिजली गुल रहने से यात्रियों को गर्मी में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। ऐसे में लगातार सुविधाओं के बाधित रहने से यात्रियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। वैसे यात्रियों का कहना है कि स्टेशन प्रबंधन को सुविधाओं के रखरखाव के साथ-साथ यात्रियों की सहूलियत का भी ध्यान रखना चाहिए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। इस बावत जमालपुर स्टेशन अधीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि एस्केलेटर में कोई तकनीकी खराबी नहीं आई थी, बल्कि यह नियमित मेंटेनेंस के तहत बंद किया गया था। उन्होंने आश्वासन दिया कि कार्य पूरा होते ही एस्केलेटर को पुन: चालू कर दिया जाएगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।