मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुंगेर को विकास की आस, बदलेगी जिले की सियासी तस्वीर

Newswrap हिन्दुस्तान, मुंगेर
share

सम्राट चौधरी ने बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में पद ग्रहण किया। उनका सत्ता में आना मुंगेर जिले के लिए एक नई राजनीतिक पहचान बनाता है। चौधरी के नेतृत्व में मुंगेर को विकास की मुख्यधारा में लाने की उम्मीद जताई जा रही है। औद्योगिक जगत और आम जनता में नई उम्मीदें जगी हैं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुंगेर को विकास की आस, बदलेगी जिले की सियासी तस्वीर

मुंगेर, सुजीत मिश्रा/हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। सम्राट चौधरी के बुधवार को मुख्यमंत्री का पद संभालते ही बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ गया। मुंगेर जिले के तारापुर से आने वाले सम्राट चौधरी का सत्ता तक पहुंचना केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि मुंगेर जिले के लिए भी एक बड़ी राजनीतिक पहचान बनकर उभरा है। श्रीबाबू के बाद लंबे समय तक राज्य की राजनीति में पटना, दरभंगा और गया जैसे क्षेत्रों का वर्चस्व रहा, लेकिन अब मुंगेर ने भी सत्ता के केंद्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराया है। राजनीतिक विरासत और मजबूत पृष्ठभूमि: सम्राट चौधरी के नेतृत्व में मुंगेर को न केवल राजनीतिक बल्कि विकासात्मक दृष्टि से भी विशेष महत्व मिलने की संभावना जतायी जा रही है।

इससे स्थानीय स्तर पर राजनीतिक कार्यकर्ताओं और आम जनता में नई उम्मीदें जगी हैं। गौरतलब है कि सम्राट चौधरी एक सशक्त राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके पिता शकुनी चौधरी बिहार की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे और विधायकएवं मंत्री के रूप में अपनी पहचान बनायी। वहीं उनकी मां पार्वती देवी भी विधायक रह चुकी हैं। इस तरह सम्राट चौधरी को राजनीति की समझ और अनुभव विरासत में मिला है। उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि ने उन्हें न केवल संगठनात्मक मजबूती दी, बल्कि क्षेत्रीय राजनीति की बारीकियों को समझने का अवसर भी दिया। यही कारण है कि उन्होंने कम समय में ही राज्य स्तर पर अपनी एक अलग पहचान बना ली।मुंगेर की राजनीति को नई दिशा और संभावनाएं: मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने गृह क्षेत्र मुंगेर को विकास की मुख्यधारा में लाना होगा। अबतक अपेक्षाकृत उपेक्षित रहे इस क्षेत्र को बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में नई योजनाओं की उम्मीद है।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुंगेर अब बिहार की सत्ता राजनीति में किंगमेकर की भूमिका निभा सकता है। तारापुर और आसपास के इलाकों में राजनीतिक सक्रियता बढ़ेगी। इसके अलावा, सम्राट चौधरी के नेतृत्व में मुंगेर की सामाजिक और राजनीतिक छवि भी बदल सकती है। यदि वे क्षेत्रीय विकास और संतुलित शासन देने में सफल होते हैं, तो यह न केवल उनके राजनीतिक भविष्य को मजबूत करेगा बल्कि मुंगेर को बिहार की राजनीति में स्थायी रूप से एक अहम स्थान दिलाएगा।-------------------------------------------------------------सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर मुंगेर के बंदूक विनिर्माताओं ने दी बधाई​मुंगेर, निज संवाददाता।बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी के पदभार ग्रहण करने पर मुंगेर के औद्योगिक जगत में हर्ष का माहौल है। बुधवार को बंदूक विनिर्माता (लाइसेन्सी) संघ, मुंगेर ने मुंगेर सेवा मंच के माध्यम से एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर नए मुख्यमंत्री को अपनी शुभकामनाएं दी है।​ संघ के संयुक्त सचिव संदीप कुमार शर्मा ने मुख्यमंत्री को भेजे बधाई संदेश में कहा कि उनके कुशल नेतृत्व और विकासवादी सोच से पूरे बिहार सहित मुंगेर को काफी उम्मीदें हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नई सरकार के मार्गदर्शन में मुंगेर का पारंपरिक बंदूक उद्योग आधुनिकीकरण की ओर अग्रसर होगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया गया कि मुंगेर का यह प्राचीन उद्योग बिहार की गौरवशाली विरासत है। स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को आशा है कि सम्राट चौधरी के कार्यकाल में रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में विस्तार होगा, जिससे न केवल इस उद्योग को नई पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। संघ के सदस्यों ने बिहार के समग्र विकास और औद्योगिक प्रोत्साहन के लिए सरकार को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया है।-----------------------------------------------------------------------------------------तरबूज पर उकेरी सीएम सम्राट की तस्वीर, सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र ने दी अनोखी बधाई​मुंगेर, निज संवाददाता।बिहार की राजनीति में आए बड़े बदलाव और 'कमल युग' के उदय को कलाकार भी अपने खास अंदाज में सेलिब्रेट कर रहे हैं। एनडीए विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पूर्व, अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने अपनी कला का एक अनूठा नमूना पेश किया है। अक्सर रेत और पत्तों पर कलाकारी करने वाले मधुरेंद्र ने इस बार एक 6.8 किलो के तरबूज को कैनवास बनाया और उस पर भावी मुख्यमंत्री की जीवंत तस्वीर उकेर दी।​10 घंटे की मेहनत, चाकू से बारीक नक्काशीःमधुरेंद्र ने करीब 10 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तरबूज की सतह पर अपनी तेज चाकू से सम्राट चौधरी की तस्वीर तैयार की। इस कलाकृति की सबसे खास बात इसकी प्रतीकात्मकता है। कलाकार ने तस्वीर में सम्राट चौधरी को भाजपा के चुनाव चिन्ह 'कमल' के साथ उदय होते हुए दिखाया है। साथ ही उस पर "बधाई हो सम्राट" का संदेश भी बेहद खूबसूरती से लिखा गया है।​सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियोःबुधवार को जैसे ही इस कलाकृति की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर आए, यह तेजी से वायरल हो गए। लोग कलाकार की रचनात्मकता और इतनी सूक्ष्म नक्काशी की जमकर तारीफ कर रहे हैं। गौरतलब है कि मधुरेंद्र पहले भी अपनी सैंड आर्ट और लीफ आर्ट के जरिए वैश्विक मुद्दों और महान हस्तियों को सम्मानित करते रहे हैं, लेकिन तरबूज पर इस तरह का राजनीतिक चित्रण प्रदेश में पहला प्रयोग माना जा रहा है। आम जनमानस से लेकर राजनीतिक हलकों तक में मधुरेंद्र की इस 'तरबूज बधाई' की चर्चा हो रही है।----------------------------------------------------------------------------------------

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।