मुंगेर में शांतिपूर्ण संपन्न हुई नीट (यूजी)- 2026 की परीक्षा
मुंगेर जिले में नीट (यूजी)-2026 परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कुल 1073 अभ्यर्थियों में से 1041 उपस्थित हुए। परीक्षा केंद्रों पर कोई अव्यवस्था या निष्कासन की घटना नहीं हुई। छात्रों की प्रतिक्रिया में बायोलॉजी के प्रश्न आसान लगे, जबकि फिजिक्स और केमिस्ट्री के प्रश्न थोड़े कठिन थे।

मुंगेर, एक संवाददाता। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए), भारत सरकार द्वारा आयोजित नीट (यूजी)- 2026 परीक्षा रविवार को मुंगेर जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। जिला शिक्षा पदाधिकारी, मुंगेर द्वारा जारी खैरियत प्रतिवेदन के अनुसार परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, निष्कासन या गिरफ्तारी की घटना सामने नहीं आई। मिली जानकारी के अनुसार, जिले में कुल 1073 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी, जिनमें से 1041 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 32 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। राहत की बात यह रही कि, निष्कासन, मुन्नाभाई (फर्जी परीक्षार्थी) एवं गिरफ्तारी का एक भी मामला दर्ज नहीं हुआ।
केंद्रवार परीक्षा का विवरण:
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में इस परीक्षा के लिए तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन परीक्षा केंद्रों में,
जमालपुर स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय एवं मुंगेर स्थित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज तथा बैजनाथ राजकीय बालिका 2 विद्यालय शामिल हैं। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में परीक्षा में 480 परीक्षार्थियों में से 472 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 8 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में 360 परीक्षार्थियों में से तीन 347 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। यहां 13 परीक्षार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। जबकि, बैजनाथ राजकीय बालिका प्लस टू विद्यालय में 233 परीक्षार्थियों का केंद्र बनाया गया था। लेकिन, यहां 222 परीक्षार्थी की परीक्षा में शामिल हुए और 11 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
प्रशासनिक सतर्कता से बनी रही व्यवस्था:
परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा सभी केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा एवं निगरानी की व्यवस्था की गई थी। अधिकारियों की सतत निगरानी के कारण परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। किसी भी परीक्षा केंद्र पर अनियमितता का मामला सामने नहीं आया।
प्रश्न पत्र किसी के लिए कठिन तो किसी के लिए था आसान:
नीट परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों में काफी उत्साह देखा गया, लेकिन परीक्षा में जाने के पूर्व अधिकांश छात्र घबराए हुए भी थे। वहीं परीक्षा समाप्त होने के बाद निकलने वाले कई छात्रों के चेहरे पर मुस्कान थी, तो कुछ छात्र मायूस भी दिखे। कुछ छात्रों ने बताया कि प्रश्न पत्र आसान थे तो कुछ ने बताया कि मिला-जुला था। बायोलॉजी के प्रश्न अधिकांश छात्रों को आसान लगे लेकिन फिजिक्स एवं केमिस्ट्री के प्रश्न थोड़े कठिन नजर आए।
परीक्षार्थियों की प्रतिक्रिया:
मुंगेर में पहली बार नीट की परीक्षा आयोजित की गयी। मेरी परीक्षा ठीक-ठाक गई है। बायोलॉजी का प्रश्न काफी आसान था। बाकी दोनों विषयों का भी स्टैंडर्ड अच्छा था। आशा है सफलता मिलेगी।
-उमेश रॉय, परीक्षार्थी
मेरी परीक्षा सामान्य गई है। यह मेरा प्रथम प्रयास था। बायोलॉजी के प्रश्न अच्छे थे। लेकिन केमिस्ट्री एवं फिजिक्स के प्रश्न पूरे कठिन थे। इसके बावजूद परीक्षा अच्छी गई है। अगली बार पूरी तैयारी के साथ परीक्षा दूंगा।
-सुजल कुमार, परीक्षार्थी
परीक्षा अच्छी गई है। हालांकि, यह मेरा प्रथम प्रयास है। सभी प्रश्न अच्छे थे। लेकिन मुझे और अभ्यास करना होगा। यदि इस बार नहीं हुआ तो अगली बार और पूरी तैयारी के साथ आऊंगी।
-नवरता कुमारी, परीक्षार्थी
बायोलॉजी के प्रश्न काफी आसान थे। फिजिक्स एवं केमिस्ट्री के प्रश्न भी कठिन नहीं थे। मेरा यह प्रथम प्रयास था। तैयारी इतनी अच्छी नहीं थी। फिर भी मेरी परीक्षा अच्छी गयी है। कुछ भी हो सकता है।
-तरुण मयंक, परीक्षार्थी
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


