
एनजेए के 5 सदस्यीय टीम ने डीएम से की मुलाकात,
मुंगेर में एनजेए की जिला कमेटी ने जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा से मिलकर पत्रकारों के लिए बेहतर संसाधनों और कार्य परिवेश की मांग की। पत्रकारों ने प्रेस क्लब भवन को शीघ्र उपलब्ध कराने का ज्ञापन दिया,...
मुंगेर, एक संवाददाता। जिले में कार्यरत पत्रकारों को आवश्यक संसाधन और बेहतर कार्य परिवेश उपलब्ध कराने की दिशा में नेशनल जर्नलिस्ट एसोसिएशन (एनजेए) की मुंगेर जिला कमेटी ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा से मुलाकात की। यह मुलाकात जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय कार्यालय वेश्म में हुई। एनजेए जिलाध्यक्ष ललन राज के नेतृत्व में संघ के पत्रकारों का एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपते हुए जिला मुख्यालय स्थित प्रेस क्लब भवन को पत्रकारों को शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि जिले के पत्रकार समाचार संकलन एवं अन्य कार्यों को सुचारू रूप से संपादित कर सकें।

वहीं, जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक रूप से आश्वस्त किया कि, प्रेस क्लब भवन शीघ्र ही जिले के पत्रकारों को उपलब्ध कराया जाएगा। इसके पूर्व वर्षों से बंद भवन की साफ-सफाई एवं आवश्यक मरम्मत का कार्य कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि, जिला प्रशासन पत्रकारों के हितों के प्रति संवेदनशील है और इस दिशा में शीघ्र ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके पूर्व मुलाकात के दौरान एनजेए की टीम ने जिलाधिकारी का बुके देकर स्वागत किया। टीम में जिलाध्यक्ष ललन राज के अलावा महासचिव रणजीत कुमार ठाकुर, कोषाध्यक्ष विनोद शर्मा, पत्रकार आशीष कश्यप, बालदेव मेहता, युवराज सिंह यशवंत और छायाकार संतोष कुमार शामिल थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




