Munger News: प्रेम प्रसंग में रहस्यमय ढंग से लापता हुआ छात्र, श्रीकृष्ण सेतु पर मिले मोबाइल व चप्पल
Munger News: जमालपुर में 16 वर्षीय छात्र शिवम कुमार का लापता होना एक रहस्य बन गया है। परिजनों ने प्रेमिका और उसके परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है। शिवम का अंतिम लोकेशन मुंगेर श्रीकृष्ण सेतु के पास पाया गया। पुलिस ने छात्र की खोज के लिए एनडीआरएफ को लगाया है और मामले की गंभीरता से जांच जारी है।

Munger News: जमालपुर, निज प्रतिनिधि।आदर्श थाना जमालपुर क्षेत्र के खलासी मोहल्ला निवासी 16 वर्षीय छात्र शिवम कुमार के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। छात्र के प्रेम प्रसंग से जुड़े होने की बात सामने आने के बाद परिजनों ने प्रेमिका और उसके परिजनों पर अपहरण कर हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गंगा नदी में छात्र की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम की मदद ली है। वहीं आरोपित पक्ष से भी पूछताछ की जा रही है। पीड़ित पिता खलासी मोहल्ला निवासी सह मुंगेर नगर निगम के जमादार पुत्र वीरेंद्र बिंद है, तथा उनका पुत्र शिवम कुमार (16 वर्ष) बुधवार 15 जुलाई 2026 की शाम करीब सात बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला।
छात्र का विवाद और संदेह
पीड़ित पिता ने बताया कि ट्यूशन पढ़ने के दौरान बुधवार की सुबह शिवम का एक लड़की से विवाद हुआ था, जिसके बाद लड़की के परिजन उससे नाराज चल रहे थे। इसी कारण उन्हें संदेह है कि उनके पुत्र के साथ कोई अनहोनी हुई है। परिजनों ने बताया कि मोबाइल लोकेशन की जांच कराने पर अंतिम लोकेशन मुंगेर श्रीकृष्ण सेतु के पिलर संख्या 9 के पास मिला। बेगूसराय और मुंगेर की पुलिस की मदद से खोजबीन शुरू की गई। जांच के दौरान मुंगेर के श्रीकृष्ण सेतु पर शिवम की चप्पल बरामद हुई, जबकि उसका मोबाइल एक राहगीर को सड़क पर मिला, जिसे बाद में पुलिस को सौंप दिया गया। इन परिस्थितियों के बाद परिजनों की आशंका और गहरा गई कि छात्र की हत्या कर शव को गंगा नदी में फेंक दिया गया है।
परिजनों का आक्रोश और पुलिस की कार्रवाई
इधर, घटना में अनहोनी की आशंका को लेकर आक्रोशित परिजन ने गुरुवार तड़के आदर्श थाना पहुंचे और हंगामा करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने छात्र की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को गंगा में लगाया है, जबकि नामजद आरोपियों से पूछताछ भी जारी है।
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष:
इस बावत एसएचओ पंकज कुमार पासवान ने बताया कि छात्र के लापता होने, श्रीकृष्ण सेतु से मोबाइल एवं चप्पल मिलने के कारण मामला अत्यंत संवेदनशील हो गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। एनडीआरएफ की टीम गंगा में तलाश अभियान चला रही है और प्राथमिकी में नामजद लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। वैसे प्रथम दृष्टाता प्रेम प्रसंग में आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
FAQs
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


