मुंगेर के मौसम ने ली करवट, सुबह 11 बजे तक छाया रहा कुहासा
सोमवार को मुंगेर में मौसम में बदलाव आया, हल्की पछिया हवाओं के साथ आसमान में बादल छाए रहे और घना कुहासा बना। तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई, न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम 23 डिग्री...

मुंगेर, एक संवाददाता। सोमवार की सुबह से ही मुंगेर के मौसम ने करवट ले ली। हल्की पछिया हवाओं के साथ सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाए रहे। इसके साथ ही सुबह में घना कुहासा लगा रहा। कुहासा इतना घना था कि, हवा उसे संभाल नहीं पा रही थी और पानी की नन्हीं बूंदें वर्षा की बूंदों की तरह नीचे गिर रही थी। सुबह 10:00 के बाद स्थिति में सुधार हुआ। लेकिन, दोपहर 1:00 बजे तक सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। ऐसे में मुंगेर के तापमान में लगभग 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। दिन भर चलने वाली हल्की पछिया हवा की अधिकतम गति 8 किमी प्रति घंटा रही। इससे ठंड में बढ़ोतरी हुई और काफी अरसे बाद दिन में लोगों को ठंड का एहसास हुआ तथा गर्म कपड़े पहनने पड़े। कृषि विज्ञान केंद्र, मुंगेर से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 13 डिग्री सेल्सियस पर एवं अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, आज भी मुंगेर के न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है। जबकि अधिकतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। ऐसे में, आज मुंगेर का न्यूनतम तापमान घटकर 12 डिग्री सेल्सियस एवं अधिकतम तापमान बढ़कर 24 डिग्री सेल्सियस हो सकता है। इससे मुंगेर के ठंड में, विशेष रूप से शाम से लेकर सुबह तक के समय में, वृद्धि हो सकती है।
नए साल में ठंड में होगी वृद्धि:
आने वाले नए साल में 1 जनवरी को मुंगेर के तापमान में और कमी आने की संभावना है। 1 जनवरी को मुंगेर का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस एवं अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके साथ ही 16 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली पछिया हवा भी चल सकती है। इससे ठंड में बढ़ोतरी होगी। हालांकि, केविके, मुंगेर से मिली जानकारी अनुसार नए साल के प्रथम दिन सुबह में कुहासा रह सकता है, लेकिन आसमान के साफ रहने की संभावना है। ऐसे में दिन में गुलाबी ठंड का अनुभव होने का अनुमान है। लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना नहीं करना पड़ेगा।
कहते हैं वैज्ञानिक:
बिहार में पश्चिमी विक्षोभ हो गया है। इसके साथ ही एक चक्रवर्ती परिसंचरण पूर्वी बांग्लादेश एवं उत्तरी पंजाब तथा उसके आसपास के क्षेत्र में लगभग 1.5 किमी ऊपर बना हुआ है। वहीं, निकले वायुमंडल में पूर्वी एवं पश्चिमी हवाओं के सम्मिश्रण हो रहा है। इन सब का प्रभाव मुंगेर के मौसम पर पड़ रहा है जिसके कारण वर्तमान परिवर्तन दिखाई पड़ रहा है। आगामी एक- दो दिनों में मुंगेर में ठंड के और भी बढ़ने की संभावना है। लोगों को मौसम में हो रहे परिवर्तन के प्रति सावधान रहना चाहिए।
-- मुकेश कुमार, वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान,
केविके, मुंगेर
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।