मेधा सूची में शामिल अभ्यर्थी 19 जनवरी तक ले सकते हैं नामांकन

Jan 16, 2026 12:31 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुंगेर
share Share
Follow Us on

मुंगेर विश्वविद्यालय ने पीजी सेमेस्टर -1 (शैक्षणिक सत्र 2025-27) में नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। मेधा सूची में शामिल अभ्यर्थी 19 जनवरी तक अपने संबंधित पीजी विभागों में दस्तावेजों का सत्यापन कर सकते हैं। कुल 2478 रिक्त सीटों पर नामांकन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

मेधा सूची में शामिल अभ्यर्थी 19 जनवरी तक ले सकते हैं नामांकन

मुंगेर, हिन्दुस्तान संवाददाता। मुंगेर विश्वविद्यालय ने पीजी सेमेस्टर -1 (शैक्षणिक सत्र 2025-27) में नामांकन की प्रक्रिया आज से शुरू कर रही है। विश्वविद्यालय के सभी पीजी विभागों एवं पीजी केंद्रों में उपलब्ध 2478 रिक्त सीटों पर नामांकन के लिए गुरुवार को मेधा सूची प्रकाशित कर दी गई। मेधा सूची में शामिल अभ्यर्थी 19 जनवरी तक अपने-अपने संबंधित पीजी विभाग अथवा पीजी सेंटर में शैक्षणिक दस्तावेजों का सत्यापन कराते हुए नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है। गौरतलब है कि मुंगेर विश्वविद्यालय ने विषयवार रिक्त सीटों की सूची 10 जनवरी को प्रकाशित की थी।

इसके बाद 12 से 14 जनवरी के बीच रिक्त 2478 सीटों पर नामांकन के लिए इच्छुक विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। प्राप्त आवेदनों के आधार पर गुरुवार को मेधा सूची जारी की गई। विश्वविद्यालय की सूचना के अनुसार पीजी शैक्षणिक सत्र 2025-27 के सेमेस्टर-एक में आरडी एंड डीजे कॉलेज, बीआरएम कॉलेज, आरएस कॉलेज, आरडी कॉलेज शेखपुरा, कोशी कॉलेज खगड़िया, केकेएम कॉलेज जमुई, केएसएस कॉलेज लखीसराय, एसकेआर कॉलेज बरबीघा तथा बीएनएम कॉलेज बड़हिया सहित सभी पीजी विभागों एवं पीजी केंद्रों में रिक्त सीटों पर नामांकन लिया जाएगा। नामांकन के लिए विद्यार्थियों को स्नातक पार्ट-तीन का टीआर, अंक पत्र अथवा उसकी वेब कॉपी के आधार पर 16 से 19 जनवरी के बीच नामांकन कराना होगा। साथ ही निर्धारित नामांकन शुल्क जमा कर उसकी रसीद प्राप्त करनी होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से समय सीमा के भीतर नामांकन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। ---------------------------- पीजी सेमेस्टर-3 की परीक्षा शुरू, पहले दिन 1250 परीक्षार्थी हुए शामिल मुंगेर, हिन्दुस्तान संवाददाता। मुंगेर विश्वविद्यालय ने गुरुवार से पीजी सेमेस्टर-3 (शैक्षणिक सत्र 2024-26) की परीक्षा का संचालन शुरू कर दिया है। यह परीक्षा रहमानी बीएड कॉलेज, जेआरएस कॉलेज, एसके कॉलेज लोहंडा तथा महिला कॉलेज खगड़िया स्थित कुल चार परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार परीक्षा 31 जनवरी तक प्रतिदिन दो पालियों में संचालित की जाएगी। परीक्षा के पहले दिन दोनों पालियों को मिलाकर कुल 1262 परीक्षार्थियों में से 1250 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 12 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र पर कदाचार का कोई मामला सामने नहीं आया। परीक्षा नियंत्रक प्रो. मनोज कुमार मंडल ने बताया कि पहली पाली में ग्रुप-ए के अंतर्गत वनस्पति विज्ञान, जंतु विज्ञान, गणित, भौतिकी, रसायन विज्ञान एवं वाणिज्य विषयों के पेपर सीसी-10 की परीक्षा आयोजित की गई। इसमें कुल 487 परीक्षार्थियों में से 480 उपस्थित रहे, जबकि सात परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में ग्रुप-बी के अंतर्गत अर्थशास्त्र एवं राजनीति विज्ञान विषयों के पेपर सीसी-10 की परीक्षा ली गई। इस पाली में कुल 775 परीक्षार्थियों में से 770 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि पांच परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार को पहली पाली में ग्रुप-सी के अंतर्गत इतिहास, भूगोल, संस्कृत, मनोविज्ञान एवं गृह विज्ञान विषयों के पेपर सीसी-10 की परीक्षा होगी। वहीं दूसरी पाली में ग्रुप-डी के अंतर्गत हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, दर्शनशास्त्र, बांग्ला, संगीत तथा सामाजिक विज्ञान विषयों के पेपर सीसी-10 की परीक्षा आयोजित की जाएगी। ---------------

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;