मुंगेर विश्वविद्यालय में उद्योग-उन्मुख ऑनलाइन प्रशिक्षण एवं इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू,

May 06, 2026 10:05 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुंगेर
share

मुंगेर विश्वविद्यालय ने छात्रों के कौशल विकास और रोजगार क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से ऑनलाइन प्रशिक्षण और इंटर्नशिप कार्यक्रम की शुरुआत की है। यह कार्यक्रम दिल्ली स्थित वाइजोन्स डिजिटल अकादमी के साथ समझौता ज्ञापन के तहत शुरू हुआ है। छात्रों को विभिन्न रोजगार उन्मुख पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

मुंगेर विश्वविद्यालय में उद्योग-उन्मुख ऑनलाइन प्रशिक्षण एवं इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू,

मुंगेर, एक संवाददाता। मुंगेर विश्वविद्यालय ने छात्रों के कौशल विकास और रोजगार क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से रोजगार एवं उद्योग-उन्मुख ऑनलाइन प्रशिक्षण और इंटर्नशिप कार्यक्रम की शुरुआत की है। यह पहल विश्वविद्यालय के नियोजन प्रकोष्ठ के माध्यम से संचालित की जा रही है, जिससे छात्र आधुनिक तकनीकी दक्षता प्राप्त कर सकेंगे और रोजगार की बेहतर अवसर प्राप्त कर सकेंगे।

समझौता ज्ञापन के तहत शुरू हुई पहल:

यह कार्यक्रम बीते 20 अप्रैल को दिल्ली स्थित वाइजोन्स डिजिटल अकादमी एलएलपी के साथ हुए समझौता ज्ञापन के आधार पर शुरू किया गया है। इसके लिए बीते 4 मई को आयोजित बैठक में संस्थान के प्रतिनिधियों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच इसकी रूपरेखा तय की गई। इसके तहत प्रशिक्षण के विषय, इसका स्वरूप आदि तय किया गया। इसकी जानकारी देते हुए कुलसचिव प्रो घनश्याम राय ने बताया कि, कार्यक्रम विशेष रूप से पंचम एवं अष्टम सेमेस्टर के छात्रों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। पंचम सेमेस्टर के छात्रों को एक माह का ऑनलाइन प्रशिक्षण एवं इंटर्नशिप दी जाएगी, जबकि अष्टम सेमेस्टर के छात्रों को जीवंत परियोजना आधारित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें वास्तविक कार्य-अनुभव मिल सके। उन्होंने बताया कि, प्रारंभिक प्रशिक्षण की फीस 472 रुपए (कर सहित) रखी गई है, जबकि 3-4 माह के उन्नत पाठ्यक्रमों के लिए अलग शुल्क निर्धारित है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत डिजिटल विपणन, साइबर सुरक्षा, आंकड़ा विज्ञान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मशीन अधिगम, पाइथन प्रोग्रामिंग, वेब विकास, ग्राफिक्स डिजाइनिंग तथा वीडियो संपादन सहित 13 से अधिक रोजगार एवं उद्योग-उन्मुख पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं।

रोजगार सहायता का प्रावधान:

इसके साथ ही कुलसचिव ने बताया कि, प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले छात्रों को इंटर्नशिप प्रमाण-पत्र दिया जाएगा। वहीं, 3-4 माह के जीवंत परियोजना आधारित पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले छात्रों को रोजगार सहायता भी प्रदान की जाएगी।

सरल नामांकन प्रक्रिया:

कुलसचिव के अनुसार, इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छात्र विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नियोजन प्रकोष्ठ विकल्प के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इसके बाद पाठ्यक्रम चयन, विवरण भरने और शुल्क भुगतान करने के साथ नामांकन सुनिश्चित हो जाएगा। उनके अनुसार यह कार्यक्रम छात्रों को प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण के लिए तैयार करेगा और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सामान्य प्रश्न

मुंगेर विश्वविद्यालय का ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम कब शुरू हुआ?
यह कार्यक्रम बीते 20 अप्रैल को दिल्ली स्थित वाइजोन्स डिजिटल अकादमी एलएलपी के साथ हुए समझौता ज्ञापन के आधार पर शुरू किया गया है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।