17 अंगीभूत कॉलेजों के लिए 88 अतिथि शिक्षकों को 11 माह का सेवा विस्तार

Feb 02, 2026 12:06 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुंगेर
share Share
Follow Us on

मुंगेर विश्वविद्यालय ने 17 अंगीभूत कॉलेजों में कार्यरत 88 अतिथि शिक्षकों को 11 माह का सेवा विस्तार दिया है। हालांकि, कई पूर्व अतिथि शिक्षकों को इसका लाभ नहीं मिला है। कुछ शिक्षकों के कॉलेज में भी बदलाव किया गया है। यह सेवा विस्तार बिहार सरकार के शिक्षा विभाग की अनुशंसा पर दिया गया है।

17 अंगीभूत कॉलेजों के लिए 88 अतिथि शिक्षकों को 11 माह का सेवा विस्तार

मुंगेर, हिन्दुस्तान संवाददाता। मुंगेर विश्वविद्यालय ने अपने 17 अंगीभूत कॉलेजों के लिए कुल 18 विषयों में कार्यरत 88 अतिथि शिक्षकों को 11 माह का सेवा विस्तार प्रदान कर दिया है। इस संबंध में विश्वविद्यालय की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। हालांकि, नई अधिसूचना में जहां कई पूर्व अतिथि शिक्षकों को सेवा विस्तार का लाभ नहीं दिया गया है, वहीं कई अतिथि शिक्षकों के पूर्व में आवंटित कॉलेजों में भी बदलाव किया गया है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, यह सेवा विस्तार बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के संकल्प तथा 19 जनवरी को आयोजित विश्वविद्यालय चयन समिति की बैठक की अनुशंसा के आधार पर दिया गया है।

कुलपति द्वारा सिंडिकेट से अनुमोदन की प्रत्याशा में इन अतिथि शिक्षकों को अगले आदेश तक अथवा अधिकतम 11 माह की अवधि या फिर बीएसयूएससी/बीपीएससी, पटना द्वारा नियमित नियुक्ति होने तक-जो भी पहले हो-सेवा विस्तार प्रदान किया गया है। इन विषयों में मिला सेवा विस्तार: मुंगेर विश्वविद्यालय ने 18 विषयों में कुल 88 अतिथि शिक्षकों को सेवा विस्तार का लाभ दिया है। इनमें बांग्ला- 1, वनस्पति विज्ञान -9, रसायनशास्त्र -5,वाणिज्य-1, अर्थशास्त्र -4, अंग्रेजी -7, भूगोल -1, हिंदी -3, इतिहास- 18, गृह विज्ञान -1, गणित-1, पाली -1, दर्शनशास्त्र -6, भौतिकी -3, राजनीति विज्ञान -13, मनोविज्ञान -2, उर्दू -1, जंतु विज्ञान - 11, अतिथि शिक्षक शामिल हैं। कई अतिथि शिक्षकों को नहीं मिला सेवा विस्तार: नई अधिसूचना में पूर्व में कार्यरत कई अतिथि शिक्षकों को सेवा विस्तार से वंचित रखा गया है। विश्वविद्यालय सूत्रों के अनुसार, पिछले 11 माह के सेवाकाल के दौरान कुछ अतिथि शिक्षकों के विरुद्ध लगातार शिकायतें प्राप्त होने के बाद विश्वविद्यालय ने उन्हें आगे सेवा विस्तार न देने का निर्णय लिया है। बदले गए कई अतिथि शिक्षकों के कॉलेज: सेवा विस्तार पाने वाले कई अतिथि शिक्षकों के कॉलेजों में भी बदलाव किया गया है। ऐसे शिक्षक जो अब तक लगातार दो बार सेवा विस्तार के दौरान एक ही कॉलेज में लंबे समय से कार्यरत थे, उन्हें इस बार अन्य कॉलेजों में पदस्थापित किया गया है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;