
जिले में चरमराई स्वच्छता व्यवस्था
ध मुंगेर एक संवाददाता। जिले में स्वच्छता अभियान पूरी तरह चरमराता नजर आ रहा है। हालत यह है कि, अधिकांश पंचायतों में कचरा उठाने का कार्य फिलहाल लगभग ठ
मुंगेर एक संवाददाता। जिले में स्वच्छता अभियान पूरी तरह चरमराता नजर आ रहा है। हालत यह है कि, अधिकांश पंचायतों में कचरा उठाने का कार्य फिलहाल लगभग ठप हो चुका है। बाढ़ उतरने के बाद भी जिन क्षेत्रों में सबसे अधिक सफाई और सैनिटेशन की जरूरत है, वहां प्रशासनिक लापरवाही साफ दिखाई दे रही है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में अब तक न तो ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव हुआ है और न ही चूने का छिड़काव किया गया है। सड़कों और गली-मोहल्लों में सड़ांध और दुर्गंध का आलम यह है कि, ग्रामीण घरों से निकलने तक से डर रहे हैं। जल-जमाव के कारण कचरों के सड़ने से बीमारी फैलने का खतरा तेजी से बढ़ रहा है।

मच्छरों और मक्खियों की भरमार से लोग डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रमणजन्य रोगों को लेकर भयभीत हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि, सरकार के स्वच्छता मिशन की भी असलियत अब सामने आ चुकी है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के लाखों-करोड़ों के स्वच्छता अभियान के दावे केवल कागजों तक ही सीमित रह गए हैं। पंचायत स्तर पर सफाईकर्मी काम नहीं कर रहे हैं और लोग जहां- तहां अपने घरों का कचरा फेंक रहे हैं। वहीं, प्रशासन आंख मूंदे बैठा है। अधिकारियों की ओर से सफाई को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। जबकि, जनता रोजाना गंदगी, दुर्गंध और बीमारी के डर के बीच जीवन जीने को मजबूर है। लोगों का साफ कहना है कि, अगर तत्काल सफाई और छिड़काव की व्यवस्था नहीं की गई, तो जिले में महामारी फैलने की पूरी संभावना है। ऐसे में, स्पष्ट है कि, स्वच्छता का यह हाल न केवल शासन-प्रशासन की विफलता को उजागर करता है, बल्कि आम जनता की जिंदगी को सीधे खतरे में डाल रहा है। कहते हैं अधिकारी: बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को छोड़कर जिले में बांकी सभी जगहों पर घरों से कचरा उठाया जा रहा है। यदि कहीं, घरों से कचरा नहीं उठाने की सूचना है, तो इसकी जानकारी मुझे दें। मैं यथोचित कार्रवाई करूंगा। जहां तक ब्लीचिंग पाउडर, चूना आदि के छिड़काव की बात है तो यह स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है। -सुजीत कुमार, जिला स्वच्छता समन्वयक, मुंगेर

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




