Munger News: दुर्गापूजा में सुरक्षा को ले देर रात सड़कों पर उतरे एसपी, परखी व्यवस्था
Munger News: मुंगेर में दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात है, जबकि 13 कंट्रोल रूम, 19 चेकपोस्ट और 26 बीट क्षेत्रों में निगरानी जारी है। 43 ड्रॉप गेट, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी से भीड़ व विसर्जन मार्गों पर नजर रखी जा रही है। एसपी ने गश्त और वाहनों की जांच का जायजा लिया।

Munger News: मुंगेर, निज संवाददाता। दुर्गापूजा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए मुंगेर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। सुरक्षा की रियल-टाइम मॉनिटरिंग के लिए 13 कंट्रोल रूम और 19 चेकपोस्ट सक्रिय हैं, जबकि 26 बीट क्षेत्रों में पैदल गश्ती दल गश्त लगा रहे हैं। बुधवार की देर रात पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का सघन जायजा लिया। उन्होंने जगह-जगह तैनात जवानों की मुस्तैदी देखी और वाहनों की चेकिंग प्रक्रिया को परखा। एसपी ने जवानों को असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया तथा आम लोगों से सुरक्षा का फीडबैक भी लिया।43
स्थानों पर ड्रॉप गेट और सीसीटीवी से निगरानी: भीड़ नियंत्रण के लिए रणनीतिक मार्गों पर 20 स्थानों पर बैरिकेडिंग और 43 जगहों पर ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक 13 विशेष पुलिस पोस्ट पर कड़ी चौकसी बरती जा रही है। पूजा पंडालों और विसर्जन मार्गों को सीसीटीवी कैमरों से जोड़कर 24 घंटे निगरानी की जा रही है। किसी भी अफवाह को रोकने के लिए फ्लैग मार्च जारी है।


