होली पर हुड़दंगियों की खैर नहीं: मुंगेर में चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर: एसपी

Feb 28, 2026 12:18 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुंगेर
share Share
Follow Us on

मुंगेर पुलिस ने होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए तैयारी कर ली है। एसपी सैयद इमरान मसूद ने कहा कि हुड़दंग मचाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। डीजे पर प्रतिबंध रहेगा और सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की जाएगी। जनता से अपील की गई है कि वे कानून का उल्लंघन न करें।

होली पर हुड़दंगियों की खैर नहीं: मुंगेर में चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर: एसपी

मुंगेर, निज संवाददाता। रंगों के महापर्व होली को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए मुंगेर पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान हुड़दंग मचाने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस बेहद सख्ती से निपटेगी। एसपी ने बताया कि जिला स्तर पर शांति समिति की बैठकें पहले ही पूरी की जा चुकी हैं, जबकि थाना स्तर पर बैठकों का दौर जारी है। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए जिले के सभी संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर लिया गया है। मुख्यालय से अतिरिक्त बल की मांग पूरी हो चुकी है, जिन्हें विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा।

इसके साथ ही, जिले में क्यूआरटी का गठन किया गया है, जिसमें वरिष्ठ अधिकारी स्वयं गश्त करेंगे। डीजे और तेज रफ्तार पर लगाम: इस बार होली में डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। एसपी ने कहा कि मुख्यालय के निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा। डीजे संचालकों के साथ अलग से बैठक की गई है और उल्लंघन करने वालों पर निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि कोई विवाद उत्पन्न न हो। सड़क सुरक्षा को लेकर भी पुलिस अलर्ट है। त्योहार के दिन तेज रफ्तार बाइक चलाने वालों और स्टंटबाजों को रोकने के लिए कई जगहों पर बैरिकेडिंग की जाएगी और ब्लैक स्पॉट पर पुलिस की विशेष तैनाती रहेगी। जनता से अपील: एसपी सैयद इमरान मसूद ने जिलेवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि वे इस पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाएं, लेकिन कानून का उल्लंघन न करें। उन्होंने आग्रह किया कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना मिले, तो तुरंत स्थानीय पुलिस या प्रशासन को सूचित करें। पुलिस मुस्तैद है और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।