फालोअप : हत्या मामले में नामजद मुखिया पति समेत सभी नामजद फरार
मुंगेर में गोविन्द कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मुख्य आरोपी पप्पू यादव और अन्य फरार हैं। पुलिस ने पप्पू यादव के वाहन को जब्त किया है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। मृतक के पिता ने आरोप...

मुंगेर, निज संवाददाता। कासिम बाजार थानान्तर्गत शास्त्रीनगर वार्ड नंबर 35 में शुक्रवार की देर रात गोविन्द कुमार की गोली मार कर हत्या मामले में मुख्य नामजद शास्त्रीनगर निवासी मुखिया पति पप्पू यादव समेत सभी नामजद घर से फरार हो गए है। कासिम बाजार थानाध्यक्ष रूबीकांत कच्छप ने बताया कि हत्यारोपी मुखिया पति पप्पू यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस शास्त्रीनगर उसके घर गई, लेकिन सभी नामजद फरार मिले। गोविंद की हत्या में प्रयुक्त मुखिया पति पप्पू यादव के थार वाहन को उसके घर के बगल से पुलिस ने जब्त कर लिया है। नामजदों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
हत्या मामले में मृतक गोविंद के पिता रिटायर्ड रेल कर्मी शंकर प्रसाद यादव के बयान पर मुखिया पति पप्पू यादव, बहनोई प्रवीण यादव सहित परिवार के चार सदस्यों को नामजद किया गया है। पप्पू यादव की पत्नी लखीसराय जिलान्तर्गत सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के निश्ता पंचायत की मुखिया है। नामजद की गिरफ्तारी के लिए कासिम बाजार थाना की पुलिस लखीसराय के सूर्यगढ़ा निश्ता जाकर भी दबिश दी, लेकिन सभी नामजद फरार मिले। गौरतलब है कि जमीन विवाद में अपराधियों ने शुक्रवार की रात गोली मार कर गोविन्द कुमार की हत्या कर दी थी। मृतक के पिता ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि पप्पू यादव और उसके बहनोई प्रवीण यादव द्वारा लगातार उन्हें धमकी दी जा रही थी कि अपनी जमीन पप्पू यादव को नहीं बेची और घर छोड़ कर नहीं गए तो उसके बेटे को गोली मार दी जाएगी। थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या मामले में मुखिया पति पप्पू यादव सहित सभी चार नामजदों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस छापेमारी कर रही है। शीघ्र ही हत्या में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।