Munger Municipal Corporation to Open 50-Bed Senior Citizen Shelter Amid Staffing Delays वृद्ध जन आश्रय स्थल तो खुला पर नहीं पहुंच सके एक भी वृद्ध, Munger Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsMunger NewsMunger Municipal Corporation to Open 50-Bed Senior Citizen Shelter Amid Staffing Delays

वृद्ध जन आश्रय स्थल तो खुला पर नहीं पहुंच सके एक भी वृद्ध

मुंगेर नगर निगम ने कोणार्क मोड़ पर 50 बेड का वृद्ध जन आश्रय स्थल बनाया है, लेकिन कर्मियों की नियुक्ति न होने के कारण इसका उद्घाटन नहीं हो पाया है। नगर विकास विभाग ने 10 जनवरी तक कर्मियों की चयन...

Newswrap हिन्दुस्तान, मुंगेरSat, 28 Dec 2024 12:11 AM
share Share
Follow Us on
वृद्ध जन आश्रय स्थल तो खुला पर नहीं पहुंच सके एक भी वृद्ध

मुंगेर, निज संवाददाता । नगर विकास विभाग के आदेश पर नगर निगम की ओर से कोणार्क मोड़ पर 50 बेड का वृद्ध जन आश्रय स्थल बनाया गया है। तत्कालीन नगर आयुक्त निखिल धनराज के कार्यकाल में ही वृद्ध जन आश्रय स्थल के लिए जगह का चयन हुआ था। वृद्धजन आश्रय के लिए 05 हजार स्कवायर फीट वाले दोमंजिला भवन को 01 लाख रुपये प्रति माह किराया पर नगर निगम द्वारा मकान मालिक से एग्रीमेन्ट कराया गया। जहां 50 वृद्ध जनों के आश्रय के लिए सभी प्रकार की सामग्री की खरीदारी भी नगर निगम द्वारा जैम पोर्टल के माध्यम से की गई। नगर विकास विभाग द्वारा 10 अक्टूबर से पहले वृद्ध जन आश्रय स्थल को तैयार करने के आदेश के आलोक में नगर निगम द्वारा 50 बेड, 50 मैट्रेस, 50 आलमीरा सहित अन्य सामग्री की खरीदारी भी सितम्बर माह के अंत तक कर ली गई। नगर विकास विभाग के सचिव स्तर पर सितम्बर माह में कई बार वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से वृद्ध जन आश्रय स्थल के प्रगति कार्य की समीक्षा नगर आयुक्त से की गई। निर्धारित तिथि नगर निगम द्वारा आश्रय स्थल में पूरी तैयारी भी कर ली गई। परंतु वहां काम करने वाले कर्मियों की नियुक्ति नहीं हो पाने के कारण आज तक वृद्ध जन आश्रय स्थल का उद्घाटन नहीं हो पाया है। वहां रखी सामग्री पड़े-पड़े धूल फांक रही है। अब नगर निगम प्रशासन नए साल में कर्मियों की चयन प्रक्रिया पूर्ण करते हुए 10 जनवरी तक आरंभ करने का दावा कर रहा है।

-----

चयन समिति करेगी कर्मियों की नियुक्ति

वृद्ध जन आश्रय स्थल में रहने वाले वृद्ध जनों की देखरेख के लिए केयर टेकर, नाइट गार्ड, नाई, धोबी सहित 05 कर्मियों का चयन किया जाना है। डीएम द्वारा चयन समिति का गठन किया जाएगा। चयन समिति ही कर्मियों की नियुक्ति करेगी। परंतु अक्टूबर से अब तक कर्मियों की नियुक्ति के लिए चयन समिति का गठन नहीं हो पाया है। जिस कारण कर्मियों का चयन भी नहीं हो पाया है।

-----

किराया को लेकर भी असमंजस की स्थिति

पांच हजार स्कवायर फीट वाले दो मंजिला भवन को 01 लाख रुपया किराया पर लिया गया है। परंतु किराया के भुगतान को लेकर असमंजस की स्थिति बनी है। नगर निगम के अधिकारियों द्वारा सितम्बर माह में ही इस भवन को सलेक्ट करते हुए 01 लाख रुपए प्रतिमाह किराया निर्धारित किया गया है। लेकिन तीन माह बाद भी किराया का भुगतान मकान मालिक को नहीं हुआ है। नगर निगम का कहना है कि आश्रय स्थल आरंभ होने के बाद से किराया का भुगतान किया जाएगा।

-----

बोली महापौर

वृद्ध जन आश्रय स्थल में काम करने वाले कर्मियों की नियुक्ति नहीं हो पाने के कारण इसे आरंभ नहीं किया जा सका है। मुंगेर डीएम ने एक सप्ताह के अंदर चयन समिति गठित कर कर्मियों की नियुक्ति की बात कही है। कर्मियों की नियुक्ति होने पर नए साल में 10 जनवरी तक इसका शुभारंभ कर दिया जाएगा।

- कुमकुम देवी, महापौर, नगर निगम, मुंगेर।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।