अतिक्रमण पर निगम सख्त, दूसरे दिन भी चला अभियान
मुंगेर नगर निगम ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए सख्त कार्रवाई शुरू की है। नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता के निर्देश पर कई व्यस्त इलाकों में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। 36 अतिक्रमणकारियों से 26,400 रुपये का जुर्माना वसूला गया और अवैध सामान जब्त किया गया। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

मुंगेर, एक संवाददाता। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम ने अब सख्त रुख अपना लिया है। चेतावनी और नोटिस के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने वालों पर अब सीधे कार्रवाई की जा रही है। नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता के निर्देश पर लगातार दूसरे दिन चले अतिक्रमण हटाओ अभियान में जुर्माना वसूली के साथ-साथ सामान जब्त करने की कार्रवाई ने निगम की गंभीरता को साफ कर दिया है। मंगलवार को नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता के निर्देश पर अतिक्रमण हटाओ अभियान शहर के कई व्यस्त इलाकों में चलाया गया। अभियान की शुरुआत नगर निगम कार्यालय से की गई और एक नंबर ट्रैफिक होते हुए कोतवाली चौक, शीतला मंदिर, गमछा पट्टी, साइकिल पट्टी, एसबीआई बाजार ब्रांच, गुलजार पोखर, श्रवण बाजार एवं बाटा चौक क्षेत्र में कार्रवाई की गई।
इस दौरान सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। नगर प्रबंधक नवनीत कुमार और स्वच्छता पदाधिकारी पिंटू कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में अतिक्रमण प्रभारी दिनेश कुमार, चंदन कुमार एवं रोड जमादार विश्वनाथ यादव के साथ-साथ पुलिस बल और निगम कर्मी मौजूद रहे। अभियान के दौरान निगम टीम ने सख्ती दिखाते हुए कुल 36 अतिक्रमणकारियों से 26,400 रुपये का जुर्माना वसूला। इसके अलावा कई जगहों पर अवैध रूप से लगाए गए ठेले, दुकानें और अन्य सामान भी जब्त किए गए। इस संबंध में नगर प्रबंधक नवनीत कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि, पिछले महीने में लगभग 800 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद अतिक्रमणकारी नियमों की अनदेखी करने से बाज नहीं आ आ रहे हैं। ऐसे में, अतिक्रमणकारियों खिलाफ अब दंडात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है, जो आगे भी जारी रहेगी। वहीं, नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि, शहर को जाममुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


