निगम की सख्ती जारी, अब तक 317 लोगों को नोटिस
मुंगेर नगर निगम ने अतिक्रमण की समस्या से निपटने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। निगम ने 317 लोगों को अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया है। नोटिस के बाद भी अतिक्रमण पाए जाने पर जुर्माना और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों में राहत की उम्मीद जगी है।

मुंगेर, निज प्रतिनिधि। शहर को अतिक्रमण की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए मुंगेर नगर निगम ने सख्त रुख अपना लिया है। बीते छह दिनों के भीतर निगम की टीम ने शहर के विभिन्न बाजारों में अभियान चलाकर 317 लोगों को अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया अब नोटिस के बाद भी अतिक्रमण पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी को पत्र भेजकर अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने के लिए पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की मांग की है। निगम अधिकारियों का कहना है कि जिन स्थानों पर नोटिस दिया जा चुका है वहां दोबारा अतिक्रमण मिलने पर जुर्माने के साथ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के तहत पटेल चौक से बाटा चौक, गांधी चौक, जेपी चौक होते हुए पूरबसराय तक कार्रवाई की गई। इसके अलावा गुलजार पोखर, नीलम चौक, बेकापुर और लोहरपट्टी क्षेत्र में भी अतिक्रमणकारियों को नोटिस थमाया गया है। निगम द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि अस्थाई अतिक्रमण करने वाले दुकानदार 24 घंटे के अंदर स्वयं अतिक्रमण हटा लें। निर्धारित समय के बाद अतिक्रमण पाए जाने पर पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। वहीं स्थाई अतिक्रमण करने वालों को 15 दिनों की मोहलत दी गई है। तय अवधि के बाद 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा और अतिक्रमण हटाने में आने वाला पूरा खर्च संबंधित दुकानदार से वसूला जाएगा। उपनगर आयुक्त नसीमुद्दीन खान ने स्पष्ट कहा कि जिन लोगों को नोटिस मिल चुका है वे यदि दोबारा अतिक्रमण करते पाए गए तो उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। निगम की इस सख्ती से आम नागरिकों में राहत की उम्मीद जगी है और माना जा रहा है कि इस बार सड़कों पर दोबारा कब्जा करना आसान नहीं होगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



