बोर्ड से स्वीकृति के 5 माह बाद भी नहीं बना एडमिन बिल्डिंग, न तैयार हुआ ले आउट बोर्ड से स्वीकृति के 5 माह बाद भी नहीं बना एडमिन बिल्डिंग, न तैयार हुआ ले आउट
मुंगेर नगर निगम बोर्ड ने पाँच महीने पहले एडमिन बिल्डिंग बनाने का प्रस्ताव पारित किया था। हालांकि, साफ्टवेयर की कमी के कारण इसका नक्शा अभी तक तैयार नहीं हो पाया है। नए नगर आयुक्त से अनुमति मिलने के बाद ही लेआउट तैयार होगा। 18 सौ वर्ग फीट में यह बिल्डिंग बनाई जाएगी जिसमें विभिन्न अधिकारियों के लिए अलग कक्ष होंगे।

मुंगेर, निज संवाददाता। नगर निगम बोर्ड की बैठक में पांच माह पूर्व ही नगर निगम कार्यालय के पीछे एडमिन बिल्डिंग बनाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया था। ताकि नगर निगम में कार्यरत तकनीकी अभियंता, एकाउण्टेन्ट, कैशियर सहित बुडको के अभियंताओं को अलग अलग केबिन आवंटित हो सके। बोर्ड से प्रस्ताव पारित होने पर नगर आयुक्त द्वारा नगर निगम के आर्किटेक को इसका लेआउट तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई। आर्किटेक द्वारा एडमिन बिल्डिंग निर्माण के लिए जमीन का फाइनल मेजरमेन्ट तो कर लिया गया है। परंतु साफ्टवेयर के अभाव में एडमिन बिल्डिंग का लेआउट (नक्शा) अब तक तैयार नहीं हो पाया है।
कहां अधिकारी का कक्ष होगा, कहां शौचालय होगा, कहां हॉल बनेगा, यह नक्शा अबतक नहीं बन पाया है। नक्शा बनने के बाद तकनीकी पदाधिकारी द्वारा इसका प्राक्कलन बनाया जाएगा। नगर निगम के आर्किटेक मृत्युंजय कुमार बताते हैं कि नक्शा बनाने का साफ्टवेयर खरीदना पड़ेगा। करीब डेढ़ लाख के साफ्टवेयर खरीदगी के लिए हाल ही में नगर आयुक्त को उनके द्वारा आवेदन दिया गया। परंतु दो दिन पूर्व नगर आयुक्त का तबादला हो गया। अब नए नगर आयुक्त से साफ्टवेयर खरीदने की अनुमति लेने के पश्चात ही फाइनल लेआउट तैयार हो पाएगा। ----- 18सौ वर्ग फीट में बनेगा एडमिन बिल्डिंग: आर्किटेक द्वारा किए गए फाइनल मेजरमेन्ट के अनुसार नगर निगम कार्यालय के पीछे 30 गुणा 60 फीट कुल 18 सौ वर्ग फीट में जीप्लस टू एडमिन बिल्डिंग बनेगा। जिसमें नगर निगम और बुडको के कनीय अभियंता, सहायक अभियंता के अलावा नगर निगम के सिटी मैनेजर, लोक स्वच्छता पदाधिकारी, एकाउण्टेन्ट, कैशियर सहित अन्य अधिकारियों का अलग अलग कक्ष के अलावा शौचालय का निर्माण किया जाएगा। ---- 2 कमरे में 16 अभियंता करते हैं कार्य एडमिन बिल्डिंग नहीं बन पाने के कारण नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा नियुक्त 16 अभियंता व डाटा ऑपरेटर 12 गुणा 10 के दो कमरा में बैठ कर अपने कार्यों का निबटारा करते हैं। बुडको और नगर निगम के अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और कनीय अभियंता के अलावा डाटा आपरेटर मात्र दो कमरा में बैठ कर कार्यों का निबटारा करते हैं। ---- बोली महापौर नगर निगम कार्यालय के दक्षिणी छोर में एडमिन बिल्डिंग बनाने का प्रस्ताव बोर्ड से पारित किया जा चुका है। इसके लिए डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया जारी है। कुमकुम देवी, महापौर, नगर निगम, मुंगेर।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




