3.84 अरब का संशोधित बजट सशक्त स्थाई कमेटी ने किया पास
फोटो:मुंगेर-11, मुंगेर नगर निगम में मंगलवार को आयोजित सशक्त स्थाई समिति की बैठक में मेयर के साथ-साथ शामिल अधिकारी एवं समिति सदस्य

मुंगेर, एक संवाददाता। मंगलवार को आयोजित मुंगेर नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में वित्तीय वर्ष के लिए 3 अरब 84 करोड़ 98 लाख 64 हजार 91 रुपये का संशोधित बजट पारित किया गया। बजट में कुल 3 अरब 84 करोड़ 92 लाख 55 हजार 266 रुपये की आय का अनुमान लगाया गया है, जिसके आधार पर निगम ने इस बार 6 लाख 8 हजार 825 रुपये के लाभ का बजट प्रस्तुत किया है। नगर निगम ने अपने प्रमुख खर्चों में शहर के विकास और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष जोर दिया है। इसके तहत स्वच्छता मद में सर्वाधिक 10 करोड़ 17 लाख 55 हजार 773 रुपये का प्रावधान किया गया है।
वहीं, सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए 51 लाख 80 हजार 679 रुपये निर्धारित किए गए हैं। जबकि, अन्य नागरिक सुविधाओं पर 54 लाख 63 हजार 127 रुपये खर्च का अनुमान है।होल्डिंग टैक्स बना नगर निगम के आय का मुख्य स्रोत:नगर निगम की आय के प्रमुख स्रोतों में कर और स्टैंड शुल्क शामिल हैं। इसके तहत होल्डिंग टैक्स से सर्वाधिक 9 करोड़ 58 लाख 13 हजार 808 रुपये की आय का अनुमान है। वहीं, बस स्टैंड से 27 लाख 84 हजार 621 रुपये तथा टैक्सी स्टैंड से 27 लाख 41 हजार 330 रुपये की आय अपेक्षित है। ज्ञात हो कि, सशक्त स्थाई समिति की इस बैठक का आयोजन मेयर कुमकुम देवी की अध्यक्षता में की गयी। इस दौरान नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी और समिति सदस्य मौजूद रहे, जिनमें नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता, उपनगर आयुक्त नसीमुद्दीन खान, नगर प्रबंधक मनोज कुमार भारतीय एवं विनीत कुमार, टैक्स दारोगा धीरज कुमार, रोकड़ पाल निरंजन प्रसाद निराला तथा बैठक प्रभारी दिलीप कुमार शामिल थे। वहीं, समिति के सदस्यों में सुजीत पोद्दार, बाबुल गुप्ता, हीरो यादव, इशरत प्रवीण, अंजली कुमारी और सरस्वती देवी सहित अन्य कई सदस्य बैठक में उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


