टेलीमेडिसिन रैंकिंग: मुंगेर की साख को लगा बड़ा झटका, टॉप-3 से सीधे नौवें स्थान पर फिसला

Mar 03, 2026 12:42 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुंगेर
share

मुंगेर जिले की टेलीमेडिसिन योजना की रैंकिंग फरवरी में गिरकर नौवें स्थान पर पहुँच गई है। गोपालगंज पहले, कैमूर दूसरे और सीतामढ़ी तीसरे स्थान पर हैं। गिरावट के पीछे डेटा में गड़बड़ी, सेवाओं का ठप होना और नियमित रिपोर्टिंग की कमी जैसे कारण माने जा रहे हैं।

टेलीमेडिसिन रैंकिंग: मुंगेर की साख को लगा बड़ा झटका, टॉप-3 से सीधे नौवें स्थान पर फिसला

मुंगेर, निज संवाददाता । स्वास्थ्य विभाग की महत्वाकांक्षी टेलीमेडिसिन योजना में मुंगेर जिले का दबदबा अब खत्म होता दिख रहा है। फरवरी माह का जो रिपोर्ट कार्ड जारी हुआ है, उसने स्वास्थ्य विभाग के दावों की हवा निकाल दी है। जो जिला अब तक प्रदेश के टॉप-3 में अपनी मजबूत पैठ बनाए हुए था, वह अब सीधे नौवें पायदान पर जा गिरा है। रैंकिंग में जिलों का हालः जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, सूबे में गोपालगंज ने पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, कैमूर दूसरे और सीतामढ़ी तीसरे स्थान पर रहा। राजधानी पटना को चौथा स्थान मिला है, जबकि वैशाली पांचवें, अरवल छठे, कटिहार सातवें और भागलपुर आठवें स्थान पर है।

मुंगेर को नौवां स्थान मिला है, जबकि पड़ोसी जिला बांका 38वें स्थान के साथ सबसे फिसड्डी साबित हुआ। गिरावट की मुख्य वजहेंः मुंगेर की रैंकिंग में आए इस भारी गिरावट के पीछे कई गंभीर कारण माने जा रहे हैं: डाटा में गड़बड़ी: धरहरा प्रखंड में टेलीमेडिसिन एंट्री में फर्जीवाड़े का मामला सामने आने के बाद विभाग की काफी किरकिरी हुई थी, जिसका असर आंकड़ों पर पड़ा है। ठप पड़ी सेवाएं: गोविंदपुर स्वास्थ्य केंद्र में पिछले छह महीनों से टेलीमेडिसिन सेवा पूरी तरह बंद है। नियमित रिपोर्टिंग का अभाव: हेमजापुर और मोहनपुर सहित कई अन्य केंद्रों से समय पर रिपोर्ट नहीं भेजी जा रही है, जिससे जिले का स्कोर कम हुआ। मॉनिटरिंग पर उठे सवालः हैरानी की बात यह है कि जिला स्वास्थ्य समिति में योजना की निगरानी के लिए एक पूरी टीम तैनात है और नियमित समीक्षा बैठकें भी की जाती हैं। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर सेवाओं का ठप होना और रैंकिंग का गिरना अधिकारियों के दावों और अनुश्रवण की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि डिजिटल स्वास्थ्य योजनाओं में सटीक डेटा और निरंतरता ही सफलता की कुंजी है। अब देखना यह है कि स्वास्थ्य महकमा इस गिरावट से सबक लेकर सुधार के कदम उठाता है या अगली रिपोर्ट में भी स्थिति ऐसी ही बनी रहती है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।