चार पैक्सों के लिए 29 जनवरी को होगा मतदान, अधिसूचना जारी
मुंगेर जिले में 29 जनवरी को चार पैक्सों के लिए चुनाव होंगे। चुनाव के लिए मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। अध्यक्ष और 11 प्रबंध कार्यकारिणी सदस्यों के लिए चुनाव कराए जाएंगे। नामांकन 16-17 जनवरी को...

मुंगेर। मुंगेर जिले के चार पैक्सों का चुनाव 29 जनवरी को कराया जाएगा। चुनाव की तैयारी शुरू कर दी गई है। एक अध्यक्ष के अलावा प्रबंध कार्यकारिणी सदस्यों के 11 पदों के लिए चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव के लिए मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ अधिसूचना जारी कर दी गई है। जिला सहकारिता पदाधिकारी नवीन मोहन प्रसाद ने बताया कि असरगंज प्रखंड के मकवा, असरगंज नगर पंचायत एवं रहमतपुर के अलावा हवेली खड़गपुर प्रखंड के रमणकाबाद पूर्वी में बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार के निर्देश पर चुनाव कराए जा रहे हैं। 16 एवं 17 जनवरी को अभ्यर्थी नामांकन पत्र दाखिल करेंगे, नामांकन पत्रों की संवीक्षा की तिथि 18 से 20 जनवरी निर्धारित की गई है। नाम वापसी एवं चुनाव चिन्ह आवंटन की तिथि 22 जनवरी है। मतदान 29 जनवरी को कराएं जाएंगे। मतगणना चुनाव बाद या अगले दिन कराए जाएंगे।
12 पदों के लिए कराए जाएंगे चुनाव: पैक्स अध्यक्ष के अलावा 11 प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य के लिए चुनाव कराए जाएंगे। अध्यक्ष पद अनारक्षित है। शेष प्रबंध कार्यकारिणी के 11 पदों में 2 एससी-एसटी, 2 ओबीसी, 2 ईबीसी के लिए आरक्षित है। आरक्षित छह पदों में से एक-एक और सामान्य श्रेणी के पांच पदों में दो पद महिलाओं के लिए आरक्षित है।
पहले चरण में कराए गये थे 54 पैक्स के चुनाव: पहले चरण में 26 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच बिहार में पांच चरणों में चुनाव कराए गये थे। मुंगेर जिले में तीन चरणों 26 अक्टूबर, 30 अक्टूबर एवं 3 नवंबर को तीन चरणों में 9 प्रखंडों के 54 पैक्सों का चुनाव कराया गया था। अब दूसरे चरण में चार पैक्सों के चुनाव कराए जा रहे हैं।
अध्यक्ष पद के लिए जोर आजमाइश, वोटर खामोश: चार पैक्सों के चुनाव की घोषणा के साथ चुनाव लड़ने वाले संभावित प्रत्याशियों ने तैयारी शुरू कर दी है। अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पैक्स सदस्य वोटरों से संपर्क कर रहे हैं। इन चारों पैक्सों के लिए सबसे प्रमुख पद अध्यक्ष का है, इसलिए इस सीट पर कई लोगों की नजर लगी है। कुछ संभावित प्रत्याशियों ने अपनी जीत सुनिश्चत करने के लिए अभी से ही ऐड़ी चोटी एक किए हुए हैं। लेकन वोटर अभी भी खामोश हैं। कुछ दिनों बाद स्थिति स्पष्ट होगी कि अध्यक्ष एवं प्रबंधकारिणी सदस्य की रेस में कौन-कौन है। इधर चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारी तेज हो गई है। मतदाता सूची के साथ ही इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
कोट: बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार के निर्देश पर जिले के चार पैक्सों के चुनाव 29 जनवरी को कराए जाएंगे। चुनाव के लिए मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ अधिसूचना जारी कर दी गई है। -नवीन मोहन प्रसाद, जिला सहकारिता पदाधिकारी, मुंगेर।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।