सर्वाइकल कैंसर से बचाव को ग्राडासिल वैक्सीन में जिला प्रदेश में आठवें पायदान पर
मुंगेर जिले ने सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ टीकाकरण अभियान में अच्छा प्रदर्शन किया है। 28 फरवरी से शुरू हुए ग्राडासिल वैक्सीनेशन में, जिले ने 6.8 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर 14 से 15 आयु वर्ग की 125 किशोरियों को एक डोज दी है। यह टीका सरकारी केंद्रों पर मुफ्त है, जबकि निजी में इसकी कीमत 3,500 रुपये है।

मुंगेर, निज संवाददाता। महिलाओं में जानलेवा सर्वाइकल कैंसर के बढ़ते खतरे को देखते हुए सरकार द्वारा शुरू किए गए नए टीकाकरण अभियान में मुंगेर जिले ने उत्साहजनक प्रदर्शन किया है। 28 फरवरी से शुरू हुई ग्राडासिल वैक्सीनेशन मुहिम के तहत मुंगेर स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश के 38 जिलों में 8वां स्थान हासिल किया है। अब तक जिले में 6.8 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करते हुए 14 से 15 आयु वर्ग की 125 किशोरियों को इस वैक्सीन की सिंगल डोज दी जा चुकी है।सिंगल डोज ही काफी, निजी क्षेत्र में 3,500 है कीमतःसिविल सर्जन डॉ. राजू ने बताया कि महिलाओं में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस के कारण सर्वाइकल कैंसर का जोखिम सबसे अधिक होता है।
पहले इसके बचाव के लिए 9 से 14 वर्ष की किशोरियों को सरवावैक वैक्सीन की दो खुराक दी जाती थी, लेकिन अब सरकार ने 14 वर्ष से अधिक और 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों के लिए ग्राडासिल की शुरुआत की है। इसकी खास बात यह है कि इसकी केवल एक ही खुराक (सिंगल डोज) पूरी तरह प्रभावी है। डॉ. राजू के अनुसार, निजी अस्पतालों में इस एक वैक्सीन की कीमत लगभग 3,500 रुपये है, जबकि सरकारी केंद्रों पर यह पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।रैंकिंग सुधारने के निर्देश, अभिभावकों से अपीलःजिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. मो. फैजउद्दीन ने कहा कि इस वैक्सीन से भविष्य में कैंसर की संभावना लगभग समाप्त हो जाती है और इसका कोई साइड इफेक्ट नहीं है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक किशोरियों का टीकाकरण सुनिश्चित करें ताकि जिले की रैंकिंग में और सुधार हो सके। साथ ही, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 9 से 14 वर्ष की जिन किशोरियों ने पहले 'सरवावैक' की पहली डोज ले ली थी, वे सदर अस्पताल या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर अपनी दूसरी डोज अवश्य पूरी कर लें। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए इस मुफ्त टीकाकरण योजना का लाभ उठाएं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


