Munger News: ट्रेनों में मोबाइल छीनने वाला गिरोह सक्रिय
Munger News: बरियारपुर और आसपास के रेलवे स्टेशनों पर ट्रेन में चढ़ते-उतरते समय यात्रियों के मोबाइल छीनने की घटनाएं सामने आई हैं। यात्रियों का आरोप है कि भीड़ का फायदा उठाकर अपराधी फोन लेकर फरार हो जाते हैं और शिकायतों पर रेल पुलिस की कार्रवाई प्रभावी नहीं रहती। रेल एसपी ने कहा कि दर्ज मामलों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और यात्रियों की सुरक्षा बेहतर बनाने का प्रयास है।

Munger News: बरियारपुर, निज संवाददाता। रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए तैनात रेल पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। यात्रियों के मुताबिक, ट्रेन में चढ़ने-उतरने के दौरान मोबाइल छीनने वाला गिरोह सक्रिय रहता है। अपराधी यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर हाथ या जेब से मोबाइल छीन लेते हैं और ट्रेन या स्टेशन परिसर से फरार हो जाते हैं। कई बार यात्री शोर मचाते रह जाते हैं और ट्रेन खुल जाती है। गत महीने बरियारपुर थाना क्षेत्र के मिर्जाचक निवासी गंगा कुमार का मोबाइल किऊल स्टेशन पर अप बाघ एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान छीन लिया गया था। आरोप है कि शिकायत के बाद भी रेल पुलिस ने शुरुआत में छिनतई का मामला दर्ज नहीं किया।
रेल एसपी, जमालपुर को जानकारी देने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई। वहीं, शनिवार शाम देवघर-जमालपुर ट्रेन में सुल्तानगंज स्टेशन पर बरियारपुर निवासी अंशु कुमार का मोबाइल भी छीन लिया गया। घटना के बाद शोर मचा, लेकिन यात्री के मुताबिक, रेल पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। बरियारपुर स्टेशन पर भी मोबाइल छिनतई की घटनाएं होने की बात सामने आ रही है। रेल एसपी विद्यासागर ने बताया कि दर्ज मामलों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। यात्रियों को बेहतर सुरक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

