Munger News: सदर प्रखंड पंचायत समिति की बैठक में जनसमस्याओं की लगी झड़ी, सदर प्रखंड पंचायत समिति की बैठक में जनसमस्याओं की लगी झड़ी
Munger News: मुंगेर में पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जन सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। सदस्यों ने सड़क, नाला, पेयजल, राशन वितरण और मनरेगा योजनाओं में हो रही देरी और अनियमितताओं पर सवाल उठाए। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

Munger News: मुंगेर, निज प्रतिनिधि। सदर प्रखंड की पंचायत समिति की बैठक शुक्रवार को प्रखंड सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख नरेश कुमार ने की, जबकि संचालन बीडीओ विश्वजीत कुमार तिवारी ने किया। बैठक में सीओ अंजलि कुमारी सहित कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, मनरेगा और अन्य विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक शुरू होते ही विभिन्न पंचायतों के पंचायत समिति सदस्यों और मुखिया प्रतिनिधियों ने जन सरोकारों से जुड़े मुद्दों की बौछार कर दी। सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की सड़क, नाला, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, राशन वितरण और मनरेगा योजनाओं में हो रही देरी व अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए।
मुखिया प्रतिनिधियों ने उठाए गंभीर सवाल:
नौवागढ़ी दक्षिणी के मुखिया प्रतिनिधि रविंद्र मंडल ने गांवों में नाली और सड़क निर्माण में हो रही लापरवाही का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कई योजनाएं कागज पर पूरी दिखा दी गई हैं, लेकिन धरातल पर काम नहीं हुआ है। तारापुर दियारा के मुखिया प्रतिनिधि बमबम चौधरी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पक्की सड़क और पेयजल की समस्या उठाई। उन्होंने कहा कि बरसात में लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती है। श्रीमतपुर के मुखिया प्रतिनिधि खुर्शीद आलम उर्फ महफूज ने राशन कार्ड और वृद्धा पेंशन में हो रही गड़बड़ी की शिकायत की। अन्य मुखियाओं ने भी शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली से जुड़ी समस्याएं गिनाईं।
अधिकारियों ने दिया समाधान का भरोसा:
बैठक में उठे सवालों के जवाब में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। बीडीओ विश्वजीत कुमार तिवारी ने कहा कि सभी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा और लंबित योजनाओं को जल्द पूरा कराया जाएगा। सीओ अंजलि कुमारी ने भूमि विवाद और राजस्व से जुड़े मामलों के निपटारे में तेजी लाने की बात कही। प्रखंड प्रमुख नरेश कुमार ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना समिति की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निपटारा समय सीमा में हो और योजनाओं में पारदर्शिता बरती जाए। मौके पर पूर्व जिला पार्षद कृष्ण मुरारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।


