
बड़ी काली की पूजा और खोइछा भर महिलाओं ने मांगी समृद्धि
संक्षेप: मंगलवार को मां काली की पूजा के लिए मंदिरों एवं पंडालों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। लल्लू पोखर मोहल्ले में स्थापित बड़ी काली की पूजा के लिए सबसे अधिक भीड़
मुंगेर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। मंगलवार को मां काली की पूजा के लिए पंडालों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। लल्लू पोखर मोहल्ले में स्थापित बड़ी काली की पूजा के लिए सबसे अधिक भीड़ रही। महिलाओं ने मां काली की पूजा एवं खोईछा भरकर सुख-समृद्धि की कामना की। गांधी चौक स्थित बड़ी बम काली एवं अन्य पूजा केन्द्रों पर भी भक्तों की भीड़ लगी रही। सोमवार की देर रात जिले भर में मां काली की पूजा धूमधाम से की गयी। मंगलवार की सुबह माता का पट खुलते ही पूजा केन्द्रों पर भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। लल्लू पोखर मोहल्ले में बड़ी काली की पूजा एवं खोइछा भरने के लिए दिनभर महिलाओं की भीड़ लगी रही।
गांधी चौक स्थित तीन बड़ी बम काली सहित अन्य पूजा केन्द्रों पर भक्तों की भीड़ रही। लल्लू पोखर में बड़ी काली के साथ ही रामपुर भिखारी, लालदरवाजा, दलहट्टा, दो नंबर गुमटी, मंगल बाजार, बेकापुर, पूरबसराय सहित 105 स्थानों पर मां काली की प्रतिमा स्थापित कर पूजा की जा रही है। पूजा केन्द्रों की आकर्षक सजावट देखते ही बन रही है। बड़ी काली की विसर्जन शोभायात्रा बुधवार की सुबह 32 कहारों पर निकलेगी। बम काली देखने लगी रही भीड़: मां काली की प्रतिमा के दर्शन को यूं तो सभी पूजा केन्द्रों पर भीड़ रही। लेकिन सबसे अधिक भीड़ बम काली को देखने को लगी रही है। गांधी चौक के पास तीन स्थानों पर करीब 21 फीट लंबी विशालकाय काली प्रतिमाएं स्थापित की गयी है। लोगों खासकर बच्चों के लिए आकर्षण के केन्द्र में रही बम काली। शाम होते ही बम काली के दर्शन को लेकर पूजा केन्द्रों पर लोग पहंुचने लगे। कलश विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई: बड़ी काली मंदिर से मंगलवार की दोपहर गाजे-बाजे के साथ कलश विसर्जन शोभायात्रा निकाली गयी। कुमारी कन्याएं एवं महिलाएं सिर पर कलश लेकर चल रही थी। कलश विसर्जन यात्रा में शामिल लोग मां काली के जयकारे लगा रहे थे। सोझी घाट में कलश का विसर्जन किया गया। -------------------- मां काली के दर्शन को मंदिरों में भक्तों की रही भीड़ जमालपुर, निज प्रतिनिधि। कालीपूजा में मां काली के दर्शन को लेकर मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ती रही। मंगलवार की सुबह खोईछा देने और आरती करने महिलाओं की लंबी कतारें देखी गयी। सबसे ज्यादा भीड़ बड़ी काली कोठियारा में देखी गयी। इसके अलावा खलासी मोहल्ला की नवयुवक समिति काली नंबर 9, बद्दीपाड़ा की मां काली, नयागांव रामनगर की मां काली, छोटी दौलतपुर की मां काली, नयागांव ढेड़ी गली की मां काली, बड़ी दरियापुर की मां काली, फरीदपुर की मां काली, सदर बाजार, रामपुर बस्ती, ईदगाह रोड, बड़ी आशिकपुर, नयागांव की मां काली की प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र बनी रही। शहर में पुलिस गश्ती के बावजूद खुलेआम बिक्री हुई पटाखें: काली पूजा को लेकर विभिन्न चौक चौराहों पर पुलिस की गश्ती तेज रही। इसके बावजूद बाजार में पटाखे की दुकानें सजी रही। फुटपाथी दुकानदारों ने चौकी लगाकर पटाखें बेचे। इधर, दीपावली की रात शहर के विभिन्न गलियारों में जुआरियों का जमघट लगा रहा। कैंडिल की रोशनी में जुआ पूरे परवान पर रात भर रहा है। ----------------------- मां काली की प्रतिमा दर्शन के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब अनुमंडल क्षेत्र में कुल 28 जगहों पर स्थापित की गई है काली की प्रतिमा हवेली खड़गपुर, एक संवाददाता। सोमवार की देर रात वैदिक विधान के साथ मां काली की प्रतिमा की पूजा की गई। नगर के मुख्य बाजार स्थित कुलकुला स्थान, नंदलाल बसु चौक के समीप हाट परिसर स्थित काली मंदिर, कंटिया बाजार, गंगटा का ऐतिहासिक काली मंदिर, राजारानी तालाब, सितुहार, सिंहपुर, पश्चिम अजीमगंज, तेघड़ा (बिनलपुर) सहित रतैठा, रमनकाबाद, मुजफ्फरगंज, बढौना, शिवपुर लौगांय, बहिरा गालीमपुर, लोहची, कठौतिया आदि जगहों पर मां काली की प्रतिमा दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता देखा जा रहा है। वहीं पूजा को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। अनुमंडल के हवेली खड़गपुर और टेटियाबम्बर प्रखंड के ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लगभग 2 दर्जन से अधिक जगहों पर काली की प्रतिमा की स्थापना की गई है। वहीं नगर क्षेत्र और ग्रामीण क्षेत्र में काली पूजा को लेकर भक्तों की श्रद्धा का सैलाब उमड़ता देखा जा रहा है। ----------------- काली प्रतिमा दर्शन को लेकर देर शाम तक लगी रही मंदिरों में भीड़ असरगंज, एक संवाददाता। सोमवार की रात विभिन्न मंदिरों में मां काली की प्रतिमा स्थापित कर पूजा की गई। मंगलवार को सुबह से मां काली के दर्शन एवं पूजा अर्चना करने को लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ देर शाम तक लगी रही । क्षेत्र के विक्रमपुर, थाना समीप जगदंबा काली मंदिर, असरगंज दूध बाजार, मासूम गंज, मकवा, ममई,अद्रास, बैजलपुर काली मंदिर में प्रतिमा स्थापित कर पूजा अर्चना की जा रही है। इस मौके पर मंदिर के समीप पंडाल एवं गेट बनाया गया है। मंदिर को ट्यूबलाइट, झालर से सजाया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




