पूर्व जदयू जिला प्रवक्ता ने सीएम को सौंपा मांग-पत्र, 7 प्रमुख मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई की मांग
जदयू के पूर्व जिला प्रवक्ता मनोज कुमार रघु ने मुख्यमंत्री को आवेदन देकर हवेली खड़गपुर की समस्याओं का समाधान मांगा है। उन्होंने बस स्टैंड, वेंडर जोन, कला शोध केंद्र, स्टेडियम, और रेलवे लाइन जैसी प्रमुख समस्याओं को उठाया है। ये सभी मुद्दे आम जनता के जीवन को प्रभावित करते हैं।

हवेली खड़गपुर, एक संवाददाता। प्रखंड में आम जनता की मूलभूत समस्याओं को लेकर जदयू के पूर्व जिला प्रवक्ता मनोज कुमार रघु ने मुख्यमंत्री को आवेदन के माध्यम से क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं के समाधान की मांग की है। सीएम को दिए आवेदन में हवेली खड़गपुर बाजार से लेकर बुनियादी ढांचे, खेल, शिक्षा और पेयजल तक कुल सात अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। पूर्व जदयू प्रवक्ता ने अपने पत्र में बताया कि हवेली खड़गपुर मुख्य बाजार में बस स्टैंड की स्थिति काफी जर्जर है और जगह की कमी के कारण अक्सर वाहन सड़क किनारे लगा रहता हैं, जिससे जाम की समस्या से लोग परेशान रहते है।
उन्होंने बताया कि एनएच-333 के नए पुल के नीचे मनी नदी के पास उपलब्ध सरकारी जमीन पर नया बस स्टैंड बनाया जाए।आवेदन में बताया गया है कि नगर परिषद क्षेत्र के मुख्य बाजार में सब्जी विक्रेताओं के लिए वेंडर जोन नहीं होने से अव्यवस्था बनी रहती है। इसके लिए सरकारी जमीन पर व्यवस्थित वेंडर जोन विकसित करने की मांग की गई है, जिससे बाजार में जाम से राहत मिले और छोटे विक्रेताओं को सम्मानजनक स्थान मिल सके। इसके अलावा हवेली खड़गपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के लिए अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चित्रकार नंदलाल बसु के नाम पर कला शोध केंद्र स्थापित करने की मांग की। खेल के क्षेत्र में पिछड़ेपन को देखते हुए प्रखंड में स्टेडियम निर्माण को आवश्यक बताया गया है। पत्र में न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए व्यवहार न्यायालय की स्थापना, नगर परिषद के सभी वार्डों में अधूरी पड़ी नल-जल योजना को जल्द पूरा करने और बरियारपुर से हवेली खड़गपुर होते हुए मननपुर तक प्रस्तावित रेलवे लाइन परियोजना को शीघ्र पूरा कराने की मांग किया है। पूर्व जिला जदयू प्रवक्ता मनोज रघु ने कहा कि ये सभी मुद्दे सीधे तौर पर आम जनता से जुड़ा हैं और इनका समाधान हवेली खड़गपुर के विकास के लिए आवश्यक है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


