
सीताकुंड माघी मेला का शुभारंभ कल से
मुंगेर के सीताकुंड में माघी मेला की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। यह मेला पहली बार राजकीय मेला के दर्जे के साथ आयोजित किया जा रहा है। प्रशासन ने सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं और पुलिस की तैनाती की जाएगी। मेले में धार्मिक पूजा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और लकड़ी के फर्नीचरों की बिक्री की जाएगी।
मुंगेर, निज प्रतिनिधि। मुंगेर के प्रसिद्ध सीताकुंड में माघी मेला की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। कल शनिवार 31 जनवरी से मेला का शुभारंभ किया जाएगा। इस बार यह मेला राजकीय मेले का दर्जा प्राप्त होने के बाद पहली बार आयोजित किया जा रहा है, जिसकी तैयारी जिला प्रशासन द्वारा विशेष रूप से की जा रही है। यह आयोजन एक महीने तक चलेगा। प्रशासन की ओर से असमाजिक तत्वों पर सीसी टीवी कैमरा से नजर रखी जाएगी। इसको लेकर जगह-जगह सीसी टीवी कैमरा लगाया गया है। सदर प्रखंड क्षेत्र के सीताकुंड में लगने वाले इस मेले की तैयारियों में जिला प्रशासन के साथ-साथ कमेटी के सदस्य भी जुटे हैं।
गौरतलब है कि सीताकुंड माघी मेला में मुंगेर ही नहीं जिले के विभिन्न जिलों के श्रद्धालु सीताकुंड आकर पूजा अर्चना करते हैं। इतना ही नहीं काफी संख्या में लोग सीताकुंड पहुंचकर अपने बच्चों का मुंडन संस्कार कराते हैं। मुंगेर खगड़िया के बीच श्री कृष्ण सेतु बनने के बाद से सीताकुंड माघी मेला के भीड़ में कई गुणा वृद्धि हुई है। इस बार राजकीय मेला के कारण और अधिक भीड़ बढ़ने की संभावना है। डीएम निखिल धनराज के निर्देश पर सदर एसडीओ अभिषेक कुमार और सदर डीएसपी अभिषेक आनंद ने श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए शांति समिति की बैठक भी की है। जिसमें सदस्यों को उन्होंने आवश्यक जानकारी दी। श्रद्धालुओं के लिए कुंड में स्नान करने से लेकर ठहरने तक की सभी सुविधाएं सरकारी स्तर पर उपलब्ध कराई जाएगी। मेले के सफल संचालन के लिए बिहार सरकार से लगभग 63 लाख रुपये के आवंटन की मांग की गई है। राजस्व मंत्री ने जल्द ही यह राशि भेजने का आश्वासन दिया है। इधर एक माह तक चलने वाला माघी मेला को लेकर मंदिर को सजाने का कार्य शुरु कर दिया गया है तो वहीं दूसरी ओर बिहार एवं झारखंड से आए दुकानदारों के द्वारा दुकानों को सजाने का काम शुरू कर दिया गया है। वहीं मनोरंजन के लिए कई तरह के आकर्षक झुला भी लगाए जा रहे हैं। तीन दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। चप्पे-चप्पे पर होगी पुलिस जवानों की तैनाती: सीताकुंड माघी मेला में मुख्य रुप से एक सप्ताह तक अधिक भीड़ होती है। जिसे नियंत्रण करने के लिए जिला बल पुलिस के अलावा कमेटी सदस्यों के द्वारा भीड़ को नियंत्रित की जाती है। वहीं एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि मेला में लोगों की अधिक भीड़ होने की संभावना है। इसे लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्णय लिया गया है। भीड़ के अलावा असमाजिक तत्वों पर पुलिस की खास नजर रहेगी। इसके अलावा जगह-जगह पर पुलिस जवानों की तैनाती रहेगी। जिसके लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस जवानों को लगाया जाएगा। पुलिस सुरक्षा के बीच दूर दराज से आने वाले श्रद्धालु मेला का आनंद लेंगे। इसके लिए मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरा के जरिए भी भीड़ पर निगरानी रखी जाएगी। लकड़ी से बने फर्नीचरों की खूब होती है बिक्री गौरतलब है कि सीताकुंड माघी मेला खासकर लकड़ी से बना फर्नीचरों की खरीदारी के लिए खास रहता है। इसमें दुकानदार भी भागलपुर, पटना, खगड़िया, बेगुसराय, मुंगेर, यूपी सहित अन्य जगहों से दुकानदार आते हैं। स्थानीय लोग भी लकड़ी से बना चौकी, पलंग, कुर्सी, टेबुल सहित अन्य समानों की एक माह तक खरीदारी होती है। जबकि फर्नीचरों की खरीद्दारी के लिये भी दूसरे जिलों से लोग सीताकुंड आते हैं। फर्नीचर सस्ता व सुलभ रहने के कारण यहां जमकर बिक्री होती है। सीताकुंड का है धार्मिक व पौराणिक महत्व सीताकुंड धार्मिक एवं पौराणिक महत्व से जुड़ा हुआ है। बताया जाता है कि बनवास से लौटने के क्रम में सीताकुंड जहां पर माता सीता ने अग्नि परीक्षा दी थी। जिस कारण वह स्थल सीताकुंड नाम पड़ा। आज भी सीताकुंड में गर्म पानी रहती है। जहां माघी पूर्णिमा के दिन स्नान करने को लेकर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ होती है। आश्चर्य की बात तो यह है कि सीताकुंड का पानी गर्म तो चारो भाईयों राम, लक्ष्मण व भरत शत्रुघ्न कुंड का पानी शीतल है। सीताकुंड माघी मेला को इसबार राजकीय मेला के रूप में आयोजित किया जा रहा है। मेला को लेकर अधिकांश तैयारी पूरी हो गई है। कल मेला का शुभारंभ किया जाएगा। जिसमें कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। मनोज कुमार, एडीएम मुंगेर।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




