जदयू मुंगेर जिलाध्यक्ष चुनाव पर विवाद
मुंगेर में जदयू के जिलाध्यक्ष पद के चुनाव में विवाद खड़ा हो गया है। दो उम्मीदवारों ने चुनाव प्रक्रिया पर आपत्ति जताते हुए चुनाव रद्द करने की मांग की है। उनका आरोप है कि पार्टी संविधान की अनदेखी करते हुए एक उम्मीदवार को विजयी घोषित किया गया है। पार्टी नेतृत्व अब मामले पर निर्णय ले रहा है।

मुंगेर, एक संवाददाता। जदयू के मुंगेर जिलाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर विवाद सामने आया है। जिलाध्यक्ष पद के दो उम्मीदवारों ने निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर आपत्ति जताते हुए चुनाव रद्द करने की मांग की है। उम्मीदवार शिव शक्ति कुमार सिंह ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी को दिए आवेदन में कहा है कि, उनके अलावा हिना नाजनीन और सौरभ निधि भी चुनाव मैदान में थे। इसके बावजूद पार्टी संविधान की अनदेखी कर एक पक्षीय तरीके से सौरभ निधि को विजयी घोषित कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया है कि, बहु-उम्मीदवार की स्थिति में चुनाव प्रदेश नेतृत्व को सौंपने का प्रावधान है, जिसे नजरअंदाज किया गया।
इधर, हिना नाजनीन ने भी बिहार निर्वाचन पदाधिकारी को भेजे आवेदन में भी यही आरोप लगाया है। उन्होंने अपने आवेदन में कहा है कि, निर्वाचन पदाधिकारी और पर्यवेक्षक ने दबाव में आकर एक उम्मीदवार को निर्वाचित घोषित किया, जबकि संविधान इसकी अनुमति नहीं देता है। दोनों उम्मीदवारों ने एक स्वर में मुंगेर जिला अध्यक्ष का चुनाव रद्द कर इसे प्रदेश अथवा राष्ट्रीय नेतृत्व को सौंपने की मांग की है। अब मामले पर पार्टी नेतृत्व के निर्णय का इंतजार है। इस पूरे मामले में जदयू के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष सौरभ निधि ने बताया कि पर्यवेक्षक और निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष उनके अलावा हिना नाजनीन और शिव शक्ति कुमार सिंह ने भी नामांकन दाखिल किया। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष के लिये चिह्नित कुल 155 वोट में कुल 147 सदस्यों ने मेरे पक्ष में मतदान करने की घोषणा कर दी, तो क्या 08 वोट में दो लोगों का निर्वाचन तय होता क्या? निर्वाची पदाधिकारी ने उन्हें मनाने की कोशिश की, कि यदि उन्हें समर्थन नहीं है तो वे लोग निर्वाचन में क्यों भाग ले रहे हैं। बाद में किसी ने उनका समर्थन नहीं किया और मैं निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया, तो इसमें राज्य निर्वाचन कार्यालय से शिकायत का कोई मतलब नहीं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



