अतिक्रमण की गिरफ्त में लौह नगरी, जमालपुर का सदर बाजार,

Jan 26, 2026 10:46 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुंगेर
share Share
Follow Us on

मुंगेर का सदर बाजार अतिक्रमण और वाहनों के लगातार जाम से परेशान है। फुटपाथ गायब है और सड़कें संकीर्ण हो गई हैं, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है। नगर परिषद की उदासीनता के कारण समस्या बढ़ती जा रही है।

अतिक्रमण की गिरफ्त में लौह नगरी, जमालपुर का सदर बाजार,

मुंगेर, एक संवाददाता प्रसिद्ध लौह नगरी जमालपुर का सदर बाजार अतिक्रमण और लगातार लगने वाले वाहनों के जाम से कराह रहा है। बाजार की स्थिति अब ऐसी हो गई है कि, कभी-कभी यहां से गुजरना आम लोगों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं रह जाता है। अतिक्रमण के कारण न केवल वाहनों की आवाजाही बाधित होती है, बल्कि कई बार पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। यह समस्या किसी एक-दो दिन की नहीं, बल्कि लंबे समय से लगातार बनी हुई है। सड़कों पर पसरा अतिक्रमण, फुटपाथ पूरी तरह गायब: सदर बाजार में फुटपाथ पूरी तरह से गायब हो चुका है।

दुकानदार अपनी दुकानों का विस्तार करते हुए सड़क तक आ गए हैं। इसके साथ ही ठेले वाले और अस्थायी दुकानदार भी सड़क किनारे ही जमे रहते हैं, जिससे सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई है। परिणामस्वरूप, इस बाजार से किसी बड़े वाहन के गुजरते समय या उसके रुकते ही लंबा जाम लग जाता है। बाजार के व्यस्त समय में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। जाम से ठप होती है आवाजाही, पैदल चलना भी दुश्वार: अतिक्रमण के कारण लगने वाले जाम से स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और कामकाजी लोग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। कई बार लोगों को जाम में फंसकर देर तक खड़ा रहना पड़ता है। पैदल यात्रियों को मजबूरी में बात की जगह सड़क पर जाम में फंसे वाहनों के बीच से चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इस बाजार में खरीदारी करने आए कुमकुम देवी, प्रणव कुमार, मो.अब्दुल एवं गीता देवी सहित कई लोगों का कहना था कि, जाम की वजह से एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं, वाहनों से निकलने वाली धूआं के कारण सांस संबंधी समस्या होने लगती है। जबकि, समय तो बर्बाद होता ही है, दुर्घटना का भी भय बना रहता है। नगर परिषद की उदासीनता पर उठ रहे सवाल: हैरानी की बात यह है कि, जमालपुर नगर परिषद के अधिकारी प्रायः इस रास्ते से गुजरते हैं, इसके बावजूद अतिक्रमण पर कोई ठोस कार्रवाई होती नहीं दिखती है। लोगों का आरोप है कि, कभी-कभार दिखावटी अभियान चलाया जाता है, लेकिन कुछ ही दिनों में स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है। स्थायी समाधान के अभाव में आमजन की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। स्थायी समाधान की मांग: सदर बाजार आने वाले कई खरीदारों एवं जमालपुर के कई स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने, फुटपाथ को पुनः बहाल करने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि, यदि शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है। फिलहाल सदर बाजार की तस्वीर प्रशासनिक लापरवाही और अव्यवस्था का प्रतीक बनी हुई है। कहते हैं अधिकारी: जमालपुर के सदर बाजार के साथ-साथ अन्य जगहों में भी अतिक्रमण एवं जाम की समस्या है। नगर परिषद के द्वारा बाजार के महत्वपूर्ण जगहों पर किए गए अतिक्रमण एवं लगने वाले वाहनों के जाम को चिन्हित किया गया है। इसके साथ ही वैसे लोगों को भी चिन्हित किया गया है जिनके नेतृत्व में अतिक्रमणकारी अतिक्रमण के कार्य को अंजाम दे रहे हैं। आज, 26 जनवरी के बाद किसी भी दिन ऐसे लोगों और अतिक्रमण के विरुद्ध नगर परिषद प्रशासन द्वारा अभियान चलाया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, शहर में वेंडर जोन के विकास के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि सड़क पर अतिक्रमण का एक महत्वपूर्ण कारण समाप्त हो सके। -विजयशील गौतम, कार्यपालक पदाधिकारी, जमालपुर नगर परिषद, जमालपुर

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;