रेलवे पर सख्ती: गर्मी छुट्टियों से पहले सुरक्षा चाक-चौबंद

May 06, 2026 10:17 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुंगेर
share

जमालपुर रेल जिला पुलिस ने गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया है। एसआरपी विद्या सागर ने अधिकारियों को अलर्ट रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया। बैठक में 11 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

रेलवे पर सख्ती: गर्मी छुट्टियों से पहले सुरक्षा चाक-चौबंद

जमालपुर, निज प्रतिनिधि। गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जमालपुर रेल जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। बुधवार को एसआरपी कार्यालय में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में एसआरपी विद्या सागर ने साफ शब्दों में कहा कि इस दौरान किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अलर्ट मोड में रहें। बैठक में उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में गश्त तेज करने के निर्देश दिए।

यात्रियों की सामानों की जांच

साथ ही यात्रियों के सामानों की नियमित जांच और संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखने को कहा। खासकर पिट्ठू बैग लेकर चलने वाले यात्रियों की सघन जांच पर विशेष जोर दिया गया, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। एसआरपी ने चेतावनी दी कि छुट्टियों के दौरान नशाखुरानी गिरोह सक्रिय हो जाते हैं और यात्रियों को निशाना बनाते हैं।

गिरोहों पर कड़ी निगरानी

ऐसे में इन गिरोहों पर कड़ी निगरानी रखने और संदिग्ध लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही शराब तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज करने को कहा गया। जिन मामलों में आरोपी फरार हैं, उनकी गिरफ्तारी हर हाल में सुनिश्चित की जाए। लंबित मामलों को जल्द निष्पादित करने और जांच में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। संचालन अपर पुलिस अधीक्षक उमेश्वर चौधरी और किऊल के डीएसपी एजाज हाफिज मनी ने संयुक्त रूप से किया। मौके पर जमालपुर पुलिस निरीक्षक उमेश प्रसाद, डीसीपी शाखा प्रभारी इंतेख्वाब अंसारी, हिंदी शाखा प्रभारी महेंद्र प्रसाद यादव, भागलपुर एसएचओ नसीम अहमद, झाझा के एसएचओ मधुसूदन पासवान, किऊल एसएचओ वृंद कुमार, नवादा एसएचओ बृज बल्लव प्रसाद निराला, जमुई एसएचओ श्रवण कुमार, शेखपुरा एसएचओ अजित कुमार, प्रचार प्रभारी संतोष कुमार ओझा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

एसआरपी का विशेष फोकस

11 बिंदुओं पर एसआरपी का विशेष फोकस

एसआरपी ने बैठक में 11 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर दिशा-निर्देश जारी किए। इसमें सीसीटीएनएस सिस्टम का प्रभावी उपयोग, हर नए एफआईआर को 24 घंटे के भीतर अपलोड करने, वारंटियों की गिरफ्तारी तेज करने और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई को प्राथमिकता देने को कहा गया। इसके अलावा बरामद या विमुक्त बच्चों को बाल कल्याण समिति को सौंपने, महिला हेल्प डेस्क को सक्रिय रखने और पर्व-त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में नशाखुरानी गिरोह के पिछले दस वर्षों के रिकॉर्ड की समीक्षा कर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। विभिन्न रेल थानों के प्रभारी और पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि निर्देशों का सख्ती से पालन कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

अप्रैल माह में उपलब्धियां

अप्रैल माह में रेल जिला जमालपुर क्षेत्र के विभिन्न कांडों में कुल 22 अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई है। मद्यनिषेद में कुल 20 कांड दर्ज हुई। जिसमें विदेशी शराब 460.625 लीटर और देसी शराब 203.4 लीटर यानि कुल 664.025 लीटर शराब बरामदगी की गई। इसमें कुल 12 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। वहीं विशेष अभियान के दौरान 17 मोबाइल, 907 रूपये नगद, 1 दो नाली बंदूक, 06 खोखा, सोने का लॉकेट 1 ग्राम एवं 14.900 ग्राम गांजा की बरामदगी की गई है।

सामान्य प्रश्न

जमालपुर रेल जिला पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए हैं?
जमालपुर रेल जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया है, जिसमें गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और नशाखुरानी गिरोहों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।