Munger News: स्टेशनों पर चल रहे पुनर्विकास कार्य तेजी से पूर्ण करें: डीआरएम
Munger News: दशरथपुर, धरहरा, कजरा, अभयपुर और रामपुर हॉल्ट जैसे छोटे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का होगा विस्तार मालदा-किऊल रेलखंड को 130 किमी प्रतिघंटा की गति के

Munger News: जमालपुर, निज प्रतिनिधि। पूर्व रेलवे के मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) मनीष कुमार गुप्ता ने गुरुवार को जमालपुर-किऊल रेलखंड का विशेष सैलून से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल पटरियों, सिग्नल प्रणाली, विद्युत व्यवस्था और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। डीआरएम ने कहा कि मालदा से किऊल तक रेलखंड को 130 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति के अनुकूल बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके लिए पटरियों की स्थिति और सिग्नल प्रणाली की जांच महत्वपूर्ण है। सभी स्टेशनों की स्थिति की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन सुरक्षित तथा समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करना रेलवे की प्राथमिकता है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। दशरथपुर, धरहरा, कजरा, अभयपुर और रामपुर हॉल्ट जैसे छोटे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार पर भी चर्चा हुई। डीआरएम ने जमालपुर स्टेशन पर त्योहारों के बाद पुनर्विकास कार्यों में तेजी आने की बात कही।
तीसरी लाइन और रेल परियोजनाओं की तैयारी
राइट्स की ओर से पूरा हुआ सर्वे का काम:
जमालपुर दौरे के दौरान डीआरएम ने कहा कि जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर तीसरी लाइन के लिए स्वीकृति मिल चुकी है और राइट्स की ओर से सर्वे का काम भी पूरा किया जा चुका है। परियोजना के लिए लगभग 155 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। इस संबंध में जिला प्रशासन और रेल प्रशासन की टीमें निरीक्षण कर रही हैं। उन्होंने नए साल में तीसरी लाइन और तीसरी सुरंग के निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई। जमालपुर-मुंगेर दोहरीकरण तथा जमालपुर-किऊल तीसरी लाइन सहित अन्य योजनाओं को 2029-2030 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
निरीक्षण और स्टेशनों से जुड़ी मांगें
मौके पर निरीक्षण के दौरान जमालपुर स्टेशन अधीक्षक दीपक कुमार, वरिष्ठ मंडलीय अभियंता निलेश कुमार गौरव, वरिष्ठ मंडलीय वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह, वरिष्ठ मंडलीय यांत्रिक अभियंता रोहित सिंह, वरिष्ठ मंडलीय सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता राजेंद्र कुमार, वरिष्ठ मंडलीय विद्युत अभियंता खुर्शीद अहमद, राज बहादुर चौहान, चंद्र कुमार पटेल, मंडलीय सुरक्षा अधिकारी ताराचंद, एएससी बरुण कुमार बेहरा और वरिष्ठ मंडलीय अभियंता राजेश कुमार सहित अन्य मौजूद थे। इधर, जमालपुर स्टेशन पर धरहरा में यात्री सुविधाओं और सुरक्षा के विस्तार को लेकर जदयू नेताओं ने डीआरएम को ज्ञापन सौंपा। कजरा और अभयपुर स्टेशनों से संबंधित मांगों को लेकर भी अलग-अलग ज्ञापन दिए गए।
------------------------------------------------------------------
धरहरा स्टेशन के विकास और यात्री सुविधाएं
यात्रियों की जरूरत के अनुसार छूटी सुविधाओं को भी करेंगे शामिल
धरहरा, एक संवाददाता।
धरहरा रेलवे स्टेशन के जीर्णोद्धार और यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग के बीच मालदा रेल मंडल के डीआरएम ने आवश्यक विकास कार्य कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर स्वीकृत योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस रेलखंड के कई स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म ऊंचा करने, चौड़ा करने, फुट ओवरब्रिज बनाने, शौचालय, पेयजल और जर्जर स्टेशन भवनों में सुधार के लिए योजनाएं स्वीकृत हैं। हालांकि, सभी कार्यों को पूरा कराना चुनौती है। इसलिए जरूरत के मुताबिक प्राथमिकता तय की जा रही है। इधर, युवा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रखंड अध्यक्ष मिथलेश कुमार ने डीआरएम को पत्र देकर धरहरा स्टेशन का अभयपुर की तर्ज पर आधुनिकीकरण करने और 26 जोड़ी ट्रेनों का ठहराव देने की मांग की है।


