Munger News: आईएनसी की गाज: जीएनएम स्कूल की मान्यता रद्द, छात्राओं के भविष्य पर मंडराया संकट
Munger News: इंडियन नर्सिंग काउंसिल द्वारा मुंगेर के जीएनएम स्कूल की राष्ट्रीय मान्यता रद्द कर दी गई है। इस कार्रवाई से छात्राओं के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। मानकों की अनदेखी, शिक्षकों की कमी और खराब इंफ्रास्ट्रक्चर मुख्य कारण बताए जा रहे हैं। मान्यता बहाल करने के लिए संस्थान को अपनी कमियों को सुधारना होगा।

Munger News: मुंगेर, निज संवाददाता। इंडियन नर्सिंग काउंसिल (आईएनसी) द्वारा मानकों की अनदेखी को लेकर की गई बड़ी कार्रवाई में मुंगेर जिले को भी बड़ा झटका लगा है। पूरबसराय हाजीसुभान स्थित जीएनएम (जीएनएम) स्कूल (कुष्ठ अस्पताल परिसर) की राष्ट्रीय मान्यता रद्द कर दी गई है। राज्य भर के 40 नर्सिंग कॉलेजों पर गिरी इस गाज के बाद अब मुंगेर स्थित इस प्रतिष्ठित संस्थान में पढ़ रही छात्राओं और पास आउट अभ्यर्थियों के भविष्य पर संकट आ खड़ा हुआ है।
मानकों की अनदेखी पड़ी भारी, जांच में खुली पोल:
जानकारी के अनुसार, इंडियन नर्सिंग काउंसिल की जांच में कई खामियां सामने आई हैं। संस्थान में शिक्षकों की कमी, क्लिनिकल लैब का सही संचालन न होना और जर्जर इंफ्रास्ट्रक्चर मान्यता रद्द होने का मुख्य कारण बताया जा रहा है। काउंसिल ने मानकों की भारी अनदेखी के कारण संस्थान की मान्यता बैक डेट से रद्द की है, जिससे तय तारीख के बाद पास होने वाली छात्राओं के लिए स्थितियां बेहद गंभीर हो गई हैं।
केंद्रीय सेवाओं से बाहर होंगी छात्राएं:
मान्यता रद्द होने का सबसे बड़ा नुकसान यहां की छात्राओं के करियर पर पड़ेगा। जिसके तहत इस संस्थान से पढ़ाई पूरी करने वाले अभ्यर्थी अब बिहार से बाहर किसी भी अन्य राज्य के नर्सिंग काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराने के लिए पात्र नहीं होंगी। केंद्रीय अस्पतालों, एम्स और भारतीय रेलवे में निकलने वाली नर्सिंग ऑफिसर की भर्तियों में अब ये छात्राएं आवेदन नहीं कर पाएंगे। राष्ट्रीय मान्यता समाप्त होने के कारण विदेशों में प्रैक्टिस करने या उच्च शिक्षा प्राप्त करने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है।
पुनः निरीक्षण के बाद ही सुधरेगी स्थितिः
बिहार नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल की प्रेसिडेंट डॉ. रेखा झा के अनुसार, जिन संस्थानों की राष्ट्रीय मान्यता रद्द हुई है, उन्हें अपनी कमियों को पूरा कर दोबारा निरीक्षण के लिए आवेदन करना होगा। काउंसिल द्वारा पुनः जांच और मानकों की पुष्टि के बाद ही मान्यता बहाल हो पाएगी। तबतक संस्थान के भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
दिशा-निर्देश का किया जा रहा गहन अध्ययन:
मुंगेर के सिविल सर्जन डॉ. राजू ने कहा कि इंडियन नर्सिंग काउंसिल द्वारा पूरबसराय हाजीसुभान स्थित जीएनएम स्कूल की मान्यता के संबंध में जो दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हैं, उसका गहन अध्ययन किया जा रहा है। संस्थान में जिन मानकों, इंफ्रास्ट्रक्चर या फैकल्टी की कमी की बात सामने आई है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। विभाग का पूरा प्रयास है कि जल्द से जल्द सभी कमियों को दुरुस्त कर पुनः निरीक्षण के लिए आवेदन भेजा जाए, ताकि मान्यता बहाल कराई जा सके और हमारी छात्राओं के शैक्षणिक व करियर संबंधी भविष्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।


