
हवेली खड़गपुर झील व भीमबांध, ऋषिकुंड, भौरा कुंड में लगा रहा सैलानियों जमघट
हवेली खड़गपुर झील पर मकर संक्रांति के दूसरे दिन सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी। 15 जनवरी को प्रकृति प्रेमी पिकनिक मनाने पहुंचे, जहां उन्होंने भीमबांध, ऋषिकुंड और अन्य प्राकृतिक स्थलों का आनंद लिया। हालांकि, प्रशासन ने झील में बोटिंग पर प्रतिबंध लगा दिया, जिससे कुछ सैलानी मायूस दिखे।
हवेली खड़गपुर, एक संवाददाता मकर संक्रांति के दूसरे दिन हवेली खड़गपुर झील पर सैलानियों का भारी हुजूम इसकी नैसर्गिक छटाओं और पहाड़ियों से घिरे खूबसूरत झील का दीदार करने पहुंचते हैं। प्रकृति प्रेमी हर वर्ष 15 जनवरी के दिन विशेष रूप से हवेली खड़गपुर झील, भीमबांध, ऋषिकुंड, घोड़ाखुर, रामेश्वर कुंड, भौंरा कुंड सहित प्राकृतिक छटाओं से अच्छादित रमणीक स्थल पर पिकनिक और प्राकृतिक फिजाओं को देखने पहुंचते है। गुरुवार को हजारों सैलानी अहले सुबह ही भीमबांध, ऋषिकुंड, भौराकुंड, रामेश्वर कुंड के गर्मजल कुंड सहित खूबसूरत खड़गपुर झील और घोड़ाखुर की ओर रुख किया। सैलानियों की मौजूदगी से ये सभी सुरम्य स्थल गुलजार दिखा।
पिकनिक के लिए सैलानी अपने परिवारों के संग उन्मुक्त भाव के साथ इन पहाड़ी वन क्षेत्र और झील, गर्मजल नदी कुंड जैसे प्राकृतिक स्थलों को देख खूब रोमांचित नजर आए। गुरुवार को लगभग दस से पंद्रह हजार से भी अधिक लोगों ने झील और भीमबांध की प्राकृतिक सौन्दर्य का लुत्फ उठाया और पिकनिक के दौरान जमकर मस्ती की। वहीं भीमबांध, भौराकुंड, ऋषिकुंड जैसे गर्म जल स्त्रोत व निकलने वाली गर्मजल की नदियों में सैलानियों ने जमकर आनन्द लिया। हवेली खड़गपुर झील में गुरुवार को प्रशासनिक निर्देश पर बोटिंग बंद रहा। बाहर से आए सैलानियों के नौका विहार बंद रहने से लोग मायूस दिखे। इस दौरान सैलानियों ने बताया कि हवेली खड़गपुर झील की खूबसूरती देखकर नैनीताल, मसूरी जैसे हील स्टेशन की याद ताज़ा हो जाती है। सैलानियों की भीड़ को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




