सार्वजनिक स्थलों पर लगेंगे शीतल पेयजल केंद्र
मुंगेर में भीषण गर्मी और लू को देखते हुए आपदा प्रबंधन की बैठक हुई। जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी कमल किशोर ने हीट वेव से बचाव की प्राथमिकता बताई। बैठक में शीतल पेयजल की व्यवस्था और जन जागरूकता के लिए अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। सभी विभागों को समन्वय में काम करने के निर्देश दिए गए।

मुंगेर, निज प्रतिनिधि। भीषण गर्मी और लू को देखते हुए बुधवार को सदर प्रखंड सभागार में आपदा प्रबंधन की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक का नेतृत्व प्रभारी जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी कमल किशोर ने किया, जबकि अध्यक्षता सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी विश्वजीत कुमार तिवारी ने की। बैठक में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे। जिला प्रभारी आपदा पदाधिकारी कमल किशोर ने कहा कि गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए हीट वेव से बचाव हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, अस्पताल और बाजार में शीतल पेयजल की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा, कि लू से बचाव के लिए जन जागरूकता सबसे बड़ा हथियार है। इसके लिए चौक-चौराहों पर बैनर-पोस्टर लगाए जाएंगे। आंगनबाड़ी सेविका, आशा कार्यकर्ता और जीविका दीदियों के माध्यम से घर-घर तक संदेश पहुंचाया जाएगा कि दोपहर में घर से न निकलें, हल्के कपड़े पहनें और पानी अधिक पीएं।
विशेष जन जागरूकता अभियान
बीडीओ विश्वजीत कुमार तिवारी ने कहा कि सदर प्रखंड में विशेष जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सभी पंचायतों में लोगों को लू से बचाव की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा, सभी विभाग आपस में समन्वय बनाकर काम करें। स्वास्थ्य विभाग दवा और ओआरएस का भंडारण रखे। नगर निकाय प्रमुख जगहों पर पानी का छिड़काव कराए। पशुपालन विभाग मवेशियों के लिए भी पानी की व्यवस्था देखे। बैठक में निर्णय लिया गया कि हीट वेव को लेकर नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा। लू लगने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करने की अपील की गई।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


