साइनेज और दवाओं को लेकर निर्देश जारी
मुंगेर में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हीट वेव की आशंका को देखते हुए अलर्ट मोड पर है। जिला आपदा पदाधिकारी ने 30 बेड के 'हीट वेव वार्ड' का निरीक्षण किया। उन्होंने साइनेज की कमी और जीवन रक्षक दवाओं की अनुपलब्धता पर नाराजगी जताई। सभी कर्मियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है।

मुंगेर, निज संवाददाता। भीषण गर्मी और लू (हीट वेव) की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला आपदा पदाधिकारी संजय कुमार ने सदर अस्पताल स्थित प्री-फैब्रिकेटेड अस्पताल में बनाए गए 30 बेड के विशेष 'हीट वेव वार्ड' का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल प्रबंधक मोहम्मद तौसिफ हसनैन भी उनके साथ मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान की गई व्यवस्थाएं
निरीक्षण के दौरान आपदा पदाधिकारी ने वार्ड की एक-एक व्यवस्था को बारीकी से परखा। हालांकि वार्ड में बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त मिलीं, लेकिन साइनेज (सूचना पट्ट) की कमी पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल प्रबंधक को निर्देशित किया कि वार्ड में लू से बचाव के तरीके, इसके लक्षण और बरती जाने वाली सावधानियों से संबंधित साइनेज तत्काल लगवाएं जाएं, ताकि मरीज और उनके परिजनों को आवश्यक जानकारी मिल सके।
जीवन रक्षक दवाओं की अनुपलब्धता
वार्ड में कुछ जीवन रक्षक दवाओं की कमी भी पाई गई, जिसे लेकर आपदा पदाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिया कि हीट वेव से संबंधित सभी आवश्यक दवाएं वार्ड में 24 घंटे उपलब्ध रहनी चाहिए। इस मामले में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सिविल सर्जन डॉ. राजू ने बताया कि हीट वेव वार्ड के लिए चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की विशेष प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। सभी कर्मियों का ड्यूटी रोस्टर तैयार कर उन्हें अलर्ट रहने को कहा गया है। फिलहाल राहत की बात यह है कि सदर अस्पताल में अब तक हीट वेव का एक भी मामला सामने नहीं आया है। प्रशासन की इस मुस्तैदी से साफ है कि विभाग किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। अधिकारियों ने आम लोगों से भी अपील की है कि दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचें और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन करें।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


