फाइलेरिया की दवा खाने के बाद 14 बच्चों की बिगड़ी तबीयत
असरगंज के मध्य विद्यालय मिल्क जोरारी में फाइलेरिया की दवा देने के बाद 14 छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत हुई, कुछ बेहोश भी हो गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी को अस्पताल पहुँचाया, जहां उनकी स्थिति सामान्य हो गई। इस घटना के बाद एक व्यक्ति ने आशा कार्यकर्ता के साथ मारपीट की।

असरगंज, निज संवाददाता। असरगंज प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय मिल्क जोरारी में गुरुवार को फाइलेरिया की दवा खिलाए जाने के बाद 14 छात्र-छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। दवा खाने के कुछ देर बाद बच्चों को पेट दर्द, उल्टी की शिकायत हुई, वहीं कुछ बच्चे बेहोश भी हो गए। घटना की सूचना मिलते ही असरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एम्बुलेंस के साथ प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. परवेज अख्तर विद्यालय पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। सभी प्रभावित बच्चों को तत्काल असरगंज अस्पताल लाया गया। अस्पताल में डॉ. निधि कुमारी ने सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों की देखरेख में इलाज के बाद सभी बच्चों की स्थिति सामान्य हो गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कमल यादव ने बताया कि फाइलेरिया की दवा खिलाने के बाद कुछ बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई थी। कुछ बच्चे बेहोश हो गए थे। हालांकि समय पर इलाज मिलने से अब सभी बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम मामले पर नजर बनाए हुए है। इधर मकवा पंचायत अंतर्गत डाढ़ा सरोन में फाइलेरिया दवा खिलाने के दौरान आशा कार्यकर्ता के साथ गाली -गलौज एवं मारपीट पर एक व्यक्ति उतारू हो गया है। वहीं सूचना पर पुलिस पहुंची। --------------- ------------------
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


