संस्कृत भाषा समस्त ज्ञान विज्ञान का स्त्रोत है: प्राचार्य
आरडी एंड डीजे कॉलेज, मुंगेर में संस्कृत विभाग द्वारा संस्कृत दिवस के अवसर पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. विजेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं...

मुंगेर, हिन्दुस्तान संवाददाता। आरडी एंड डीजे कॉलेज मुंगेर के संस्कृत विभाग एवं संस्कृत परिषद् द्वारा मंगलवार को संस्कृत दिवस के शुभ अवसर पर संस्कृत सप्ताह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. विजेन्द्र कुमार ने किया। संचालन केशव और एकलव्य कर रहे थे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं मंगलाचरण से हुई। जिसके बाद सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, स्वस्ति वाचन एवं विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को संस्कृतमय कर दिया। विभागाध्यक्ष डॉ. विश्वजीत विद्यालंकार ने संस्कृत दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्राचीन काल में यह दिन वेदारंभ का शुभ अवसर माना जाता था।
प्राचार्य ने संस्कृत को समस्त ज्ञान-विज्ञान का स्रोत एवं रोजगार प्रदाता बताते हुए विद्यार्थियों को भाषा के प्रति सचेत रहने का आह्वान किया। एनएसएस को-ऑर्डिनेटर मुनीन्द्र सिंह ने संस्कृत और वाणिज्य के संबंधों पर चर्चा की। जबकि डॉ. कृपाशंकर पाण्डेय ने संस्कृत ग्रंथों में निहित भौतिकी, रसायन, चिकित्सा, गणित, विमानन और खगोल विज्ञान जैसे विषयों की वैज्ञानिक प्रासंगिकता पर जोर दिया। नवागत छात्रों द्वारा संस्कृत गीत, गिरी नंदिनी स्तोत्र, शिव स्तोत्र तथा हिन्दी गीत का संस्कृत अनुवाद प्रस्तुत कर समां बांध दिया। गीता, मेडल और प्रमाण-पत्र देकर विजेताओं एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। मौके पर डॉ. अवनीश कुमार पाण्डेय, डॉ. मयंक मधुकर, डॉ. अनीस अहमद, डॉ. प्रभाकर पोद्दार, कनकलता सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




