Munger News: बेटियों ने बदली अपनी पहचान, अब परिवार भी उनके सपनों के साथ
Munger News: एडु-लीडर्स के अभिभावकों की वार्षिक बैठक में 25 अभिभावक शामिल हुए। बैठक में बेटियों की पढ़ाई, आत्मविश्वास, पारिवारिक जिम्मेदारियों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा हुई। परिधि, करीना और आरशी के अनुभवों से बेटियों के बदलते आत्मविश्वास और सपनों की राह सामने आई। चिट्ठियों और गतिविधियों के जरिए अभिभावकों ने सहयोग जताया और बेटियों की शिक्षा व फैसलों पर भरोसा व्यक्त किया।

Munger News:
धरहरा, एक संवाददाता। कभी घर से अकेले बाहर निकलने में झिझकने वाली परिधि अब आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखती हैं। बच्चों को पढ़ाने के साथ खुद भी सीख रही हैं और विभिन्न गतिविधियों में आगे बढ़कर भाग लेती हैं। करीना सीखने के बेहतर अवसर की तलाश में बेंगलुरु गईं, लेकिन मन मुताबिक माहौल नहीं मिलने पर लौट आईं। आरशी को भी पारिवारिक चुनौतियों के बीच सपनों को पूरा करने की नई राह मिली है। ये कहानियां उन एडु-लीडर्स की हैं, जो परिवार और समुदाय में बेटियों की शिक्षा व आत्मनिर्भरता को लेकर सोच बदल रही हैं। इन अनुभवों की झलक एडु-लीडर्स के अभिभावकों की वार्षिक बैठक में मिली। बैठक में 25 अभिभावक शामिल हुए। बेटियों की पढ़ाई, आत्मविश्वास, पारिवारिक जिम्मेदारियों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा हुई। अभिभावकों ने बेटियों की शिक्षा में सहयोग और उनके फैसलों पर भरोसा जताया।
बेटियों की चिट्ठियों में साझा हुए मन के भाव
बेटियों की चिट्ठियों ने बयां किए मन के भाव:
एडु-लीडर्स ने अपनी मां के लिए चिट्ठियां लिखीं। इनमें उन्होंने भावनाएं साझा करते हुए माता-पिता के सहयोग के लिए आभार जताया। चिट्ठियां पढ़कर कई अभिभावक भावुक हो गए। 'गर्व की माला' गतिविधि में उन्होंने बताया कि बेटियों पर गर्व महसूस हुआ। मुबारकचक की कौशर परवीन ने अपनी बहू और एडु-लीडर शगुफ्ता की मेहनत की सराहना की।
बेटियों की पढ़ाई और भविष्य के लिए भरोसा
बेटियों की पढ़ाई पर खर्च का भरोसा: 'भरोसे की डोर' गतिविधि में अभिभावकों ने बेटियों के भविष्य को लेकर संकल्प साझा किए। एक अभिभावक ने कहा कि पढ़ाई के खर्च में अब बेटी और बेटे को बराबर महत्व देंगी। भाइयों ने भी बहनों के साथ खड़े रहने का भरोसा दिया। आरशी की मां ने बताया कि शुरुआत में पारिवारिक चुनौतियों के कारण वह झिझकती थीं, लेकिन गतिविधियों से जुड़ने के बाद उनका आत्मविश्वास बढ़ा। करीना की मां ने बताया कि बेंगलुरु से लौटकर बेटी फिर इस काम से जुड़ना चाहती हैं। परिधि के भाई ने कहा कि अब वह खुलकर अपनी बात रखती हैं। बैठक में फेलोशिप के बाद उच्च शिक्षा, शिक्षण, सामाजिक कार्य, सरकारी नौकरी, स्वरोजगार और पंचायत स्तर पर नेतृत्व के अवसरों की जानकारी दी गई।

