शिवकुंड को इको मॉडल गांव बनाने की मुहिम शुरू
धरहरा प्रखंड के शिवकुंड गांव में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने गांव को इको मॉडल गांव बनाने की दिशा में पहल की। इस मौके पर रिजूवेनेट गंगा फाउंडेशन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गोद लेने की घोषणा की। सभी ने मिलकर गांव को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने का संकल्प लिया।

हेमजापुर, संवाद सूत्र। धरहरा प्रखंड के शिवकुंड गांव में सोमवार को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संगठनों की पहल पर गांव को इको मॉडल गांव बनाने की दिशा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत राष्ट्रगान से हुई। गांव पहुंचे अतिथियों का ग्रामीणों की ओर से अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रीति राव, ऋतुराज वसंत, सदानंद राय, नीतीश कुमार, अनिल कुमार, अंजनी कुमार तथा रणधीर कुमार ने किया। इस अवसर पर रिजूवेनेट गंगा फाउंडेशन के आरव सिंह ने अमेरिका से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर शिवकुंड ग्राम को इको ग्राम के रूप में विकसित करने के लिए गोद लेने की घोषणा की।
उन्होंने इस पहल से जुड़े लोगों से कहा कि, यह अभियान केवल एक गांव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका उद्देश्य पूरे भारत को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में काम करना है। उन्होंने बताया कि वे मूल रूप से मुंगेर जिले से ही संबंध रखते हैं और अपने क्षेत्र से इस तरह की पहल शुरू होने पर गर्व महसूस कर रहे हैं।कार्यक्रम में रिजूवेनेट गंगा, बायो एंजाइम एंटरप्रेन्योर्स एकेडमी ऑफ इंडिया (बीईए), स्विच फॉर चेंज फाउंडेशन, गंगांजलि, देव वृक्ष, भोजपुर महिला कला केंद्र सहित कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी संस्थाओं ने मिलकर शिवकुंड को स्वच्छ, हरा-भरा और पर्यावरण के अनुकूल आदर्श गांव बनाने का संकल्प लिया। ग्रामीणों को प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े के थैलों के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही फूलों से तैयार किए जाने वाले बायो एंजाइम की जानकारी दी गई, जिससे वातावरण को शुद्ध करने और खेतों के लिए जैविक खाद तैयार करने में मदद मिलती है।शिवकुंड की पहचान स्पैरो विलेज के रूप में भी सामने आई। स्पैरो विलेज के संस्थापक नीतीश कुमार और अनिल कुमार ने बताया कि गांव के लगभग हर घर में गौरैया के लिए घोंसले लगाए गए हैं, जिससे यहां रोज चिड़ियों की चहचहाहट सुनाई देती है। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था कई वर्षों से गौरैया संरक्षण के लिए काम कर रही है और आगे इसे बड़े स्तर पर बढ़ाने की योजना है। इस मौके पर सार्ज़न कुमार, भरत लाल,सचिन कुमार,छोटू कुमार,रामाशीष राय आदि मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


