
देवी मां साक्षात शक्ति स्वरूपा : स्वामी गोविंद देव
फोटो मुंगेर-9 - मंगलवार को पादुका दर्शन संन्यास पीठ में श्रीदेवी भगवत् कथा में प्रवचन देते स्वामी गोविंद देव गिरिराज महाराज व अन्य
मुंगेर, हिन्दुस्तान संवाददाता। चतुर्मास अनुष्ठान के अंतर्गत पादुका दर्शन संन्यास पीठ में आयोजित श्रीदेवी भगवत् कथा के दूसरे दिन मंगलवार को प्रवचन देते हुए स्वामी गोविंद देव गिरिराज महाराज ने कहा कि देवी मां साक्षात शक्ति स्वरूपा हैं। उनकी पांच प्रमुख शक्तियां हैं- प्रतिकार, बुद्धि, समृद्धि, तेज और अह्लाद, जो क्रमशः दुर्गा, लक्ष्मी, सरस्वती, सावित्री और राधा के रूप में पूजनीय हैं। स्वामी जी ने देवी भागवत के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए बताया कि शक्ति की कृपा से ही मानव जीवन में उन्नति और संतुलन संभव है। कथा के दौरान उन्होंने कई प्रेरणादायी प्रसंग प्रस्तुत किए- जैसे आदि गुरु शंकराचार्य की देवी स्तुति, श्रीकृष्ण पर लगे स्यमन्तक मणि चुराने के आरोप का निवारण, व्यास देव की पुत्र प्राप्ति हेतु देवी आराधना और भगवान नारायण द्वारा देवी मां के ध्यान से मधु-कैटभ का वध।

उन्होंने कहा कि स्वयं नारायण भी देवी मां की अनुकंपा से ही असुरों का संहार कर पाए। कथा के माध्यम से उन्होंने यह संदेश दिया कि भक्ति और शक्ति, दोनों ही जीवन को सार्थक बनाने के मूल सूत्र हैं। श्रीदेवी भगवत् कथा का दूसरा दिन भक्तों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी और शिक्षाप्रद रहा। इस अवसर पर नाशिक के कैलाश मठ भक्तिधाम के महामंडलेश्वर स्वामी संविदानंद सरस्वती की विशेष उपस्थिति ने पूरे आयोजन को और भी गरिमामयी बना दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




