मुंगेर के युवक से पटना में 13 लाख की साइबर ठगी, जीरो एफआईआर दर्ज

Newswrap हिन्दुस्तान, मुंगेर
share

मुंगेर के खड़गपुर निवासी रत्नेश्वर कुमार के साथ साइबर अपराधियों ने 13 लाख रुपये से अधिक की ठगी की। रत्नेश्वर का मोबाइल दिल्ली यात्रा के दौरान खो गया था। नए सिम में मोबाइल ऑन करते ही उसके बैंक खाते से पैसे कटने के मैसेज आए। मामला पटना स्थानांतरित कर दिया गया है।

मुंगेर के युवक से पटना में 13 लाख की साइबर ठगी, जीरो एफआईआर दर्ज

मुंगेर, निज संवाददाता। साइबर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला मुंगेर के खड़गपुर निवासी रत्नेश्वर कुमार के साथ घटित हुआ है, जिनसे शातिर अपराधियों ने करीब 13 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंगेर साइबर थाना में जीरो एफआईआर दर्ज कर केस को पटना स्थानांतरित कर दिया गया है। ​डीएसपी साइबर क्राइम राकेश कुमार रंजन ने बताया कि खड़गपुर निवासी रत्नेश्वर कुमार बीते 25 अप्रैल को निजी काम से ट्रेन द्वारा दिल्ली जा रहे थे। इसी दौरान पटना के महावीर स्थान के पास उनका मोबाइल फोन कहीं गुम हो गया। हड़बड़ी में दिल्ली जाने के कारण पीड़ित उस समय पटना में शिकायत दर्ज नहीं करा सका और अपनी यात्रा जारी रखी。

नया सिम लेते ही उड़े होश:

पीड़ित जब दिल्ली पहुंचा और 29 अप्रैल को अपना पुराना नंबर दोबारा चालू करवाकर नए फोन में सिम डाला, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। मोबाइल ऑन होते ही बैंक से पैसे कटने के मैसेज की बाढ़ आ गई। साइबर अपराधियों ने मोबाइल का एक्सेस पाकर रत्नेश्वर के खाते से कुल 13,89,817 रुपये पार कर दिए थे।

पटना रेफर किया गया मामला:

दिल्ली से वापस लौटने के बाद पीड़ित ने मुंगेर साइबर थाना में न्याय की गुहार लगाई। डीएसपी ने बताया कि चूंकि घटना का आरंभ (मोबाइल गुम) पटना में हुआ था, इसलिए तकनीकी रूप से घटनास्थल पटना पड़ता है। हमने पीड़ित के आवेदन पर मुंगेर में जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है। अब एसपी कार्यालय के माध्यम से संबंधित रिपोर्ट और केस को पटना भेजा जा रहा है, ताकि वहां की पुलिस आगे की कार्रवाई और तकनीकी अनुसंधान कर सके। राकेश कुमार रंजन, साइबर डीएसपी

क्या होती है जीरो एफआईआर:

अक्सर क्षेत्राधिकार के चक्कर में केस दर्ज करने में देरी होती है। ऐसे में 'जीरो एफआईआर' के तहत किसी भी थाने में शिकायत दर्ज की जा सकती है, जिसे बाद में संबंधित थाने को ट्रांसफर कर दिया जाता है। पुलिस का कहना है कि ट्रांजैक्शन डिटेल्स खंगाली जा रही हैं, ताकि ठगी की राशि को रिकवर करने का प्रयास किया जा सके।

सामान्य प्रश्न

रत्नेश्वर कुमार का मोबाइल फोन कब खो गया?
रत्नेश्वर कुमार का मोबाइल फोन 25 अप्रैल को खो गया।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।